विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 22, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

आम आदमी पार्टी 71 घोषणापत्र बनाएगी

By Edited By:
Published: Sun, 22 Sep 2013 01:02 AM (IST)Updated: Sun, 22 Sep 2013 03:03 AM (IST)

News Article Hero Image

आशुतोष झा, नई दिल्ली

विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों के नाम करीब-करीब तय करने के बाद आम आदमी पार्टी (आप) की टीम ने चुनावी घोषणा पत्र बनाने के लिए होमवर्क शुरू कर दिया है। पार्टी ने राज्य के रूप में पूरी दिल्ली के लिए एक घोषणापत्र तथा सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों के लिए अलग-अलग घोषणा पत्र बनाने का निर्णय लिया है। पार्टी इस विधानसभा चुनाव के लिए कुल 71 घोषणापत्र बनाएगी।

भौगोलिक, सामाजिक व आर्थिक रूप से दिल्ली के हर क्षेत्र को अलग-अलग मानते हुए पार्टी ने प्रत्याशियों को घोषणापत्र बनाने का जिम्मा दिया है। बिजली-पानी की ही बात करें तो सभी इलाकों की स्थिति एक जैसी नहीं है। किसी कॉलोनी में सड़कें अधिक चौड़ी हैं तो कहीं इतनी तंग की गाड़ियां तक नहीं जा सकतीं। कहीं पक्की इमारतों में स्कूल चल रहे है तो कहीं बच्चे टेंट के नीचे बैठकर पढ़ने को मजबूर हैं। इसलिए पार्टी ने विधानसभा क्षेत्रों में जरूरत को देखते हुए अलग-अलग घोषणापत्र बनाने का फैसला लिया है।

जनसभा में तैयार होगा घोषणापत्र

जिन सीटों के लिए प्रत्याशियों के नाम तय हो गए हैं उन्हें कुछ दिनों के भीतर घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करने तथा अपने परिचय से लेकर पार्टी की विचारधारा को बताने का निर्देश दिया गया है। इसके बाद विधानसभा में जहां अधिक से अधिक लोग एकत्र हो सकें वह जगह चिन्हित कर जनसभा करने का निर्देश दिया गया है। जनसभा में अधिक से अधिक लोगों की समस्याएं सुनने तथा उसे नोट कर उसका कैसे समाधान हो सकता है, यह बताया जाएगा। पार्टी से सभी प्रत्याशियों को स्पष्ट निर्देश मिला है कि विधायक के रूप में जिस समस्या का समाधान कर सकते हैं उसके लिए ही हामी भरेंगे। कोई भी हवा-हवाई बातें नहीं करेगा। जनसभा के आखिर में उठाए गए मुद्दे को घोषणापत्र में शामिल कर लोगों को बता दिया जाएगा।

घोषणापत्र बनाने का प्रशिक्षण : पार्टी सूत्रों के अनुसार प्रत्याशियों का नाम तय होने तक अरविंद केजरीवाल समेत उनके करीबियों की खास भूमिका रही। लेकिन जिस भरोसे से पार्टी ने प्रत्याशियों को टिकट दिया है उस पर वह अपने बलबूते जनसभा कर प्रत्यक्ष रूप में घोषणापत्र तैयार करने का निर्देश दिया है। घोषणापत्र कैसे बनाया जाए इसमें क्या-क्या हो सकती है, क्या नहीं यह बताने के लिए सभी प्रत्याशियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।

: इनसेट बॉक्स :

अपने क्षेत्र का घोषणापत्र बनाने में जुटे केजरीवाल

आप के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने घोषणापत्र बनाने के मकसद से नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र में जनसभा करने का सिलसिला शुरू कर दिया है। शुक्रवार की शाम लोधी कॉलोनी के सावरकर पार्क में जनसभा कर जाना कि स्थानीय लोगों की उम्मीदें क्या-क्या हैं। आपको बता दें कि केजरीवाल ने इस सीट से मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के खिलाफ चुनाव लड़ने का ऐलान किया है।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर