Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    विनोद कांबली को पड़ा दिल का दौरा, अस्पताल में भर्ती

    क्रिकेट में 664 रन की विश्व रिकॉर्ड साझेदारी बनाने वाले पूर्व भारतीय क्रिकेटर विनोद कांबली को शुक्रवार को दिल का दौरा पड़ने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया।

    By Edited By: Updated: Fri, 29 Nov 2013 09:27 PM (IST)

    मुंबई। महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के साथ 1988 में स्कूल क्रिकेट में 664 रन की विश्व रिकॉर्ड साझेदारी बनाने वाले पूर्व भारतीय क्रिकेटर विनोद कांबली को शुक्रवार को दिल का दौरा पड़ने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया।

    41 वर्षीय कांबली सुबह अपनी कार से चेंबूर से बांद्रा जा रहे थे और इस दौरान उन्हें सीने में तकलीफ हुई, जिसके बाद उन्हें एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने करीब सुबह दस बजे लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया। लीलावती अस्पताल के प्रवक्ता के मुताबिक कांबली आइसीयू में डॉक्टरों की निगरानी में हैं और उनकी हालत स्थिर है। पिछले साल जुलाई में कांबली की दो धमनियां ब्लॉक होने के कारण उनकी एंजियोप्लास्टी की गई थी। अगले साल 18 जनवरी को 42 बरस के होने वाले कांबली ने भारत की ओर से 17 टेस्ट और 104 एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। कांबली ने टेस्ट क्रिकेट में 54.20 की औसत के साथ 1084 रन बनाए, जबकि वनडे में 32.59 की औसत से 2477 रन बटोरे। उन्होंने अपना अंतिम अंतरराष्ट्रीय मैच वर्ष 2000 में खेला और 2011 में प्रथम श्रेणी क्रिकेट को अलविदा कहा।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    पढ़ें: जब जयसूर्या और रणतुंगा हुए रोहित की बल्लेबाजी के कायल

    बायें हाथ के इस पूर्व बल्लेबाज ने हाल में सुर्खियां बटोरी थीं, जब उन्होंने कहा था कि वह निराश हैं क्योंकि तेंदुलकर ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से अपनी विदाई सीरीज के बाद विदाई भाषण में उनका जिक्र नहीं किया। तेंदुलकर और कांबली अपने करियर के शुरुआत में करीबी दोस्त थे, लेकिन बाद में दोनों के बीच मतभेद हो गए। कांबली ने हाल ही में कहा था कि पिछले सात साल से उन्होंने और तेंदुलकर ने बात नहीं की है। 2009 में कांबली ने महाराष्ट्र विधान सभा चुनाव भी लड़ा था, लेकिन उन्हें हार झेलनी पड़ी थी। इसके अलावा इस क्रिकेटर ने हिंदी फिल्मों में भी काम किया है।

    पढ़ें: क्रिकेटर दिनेश कार्तिक ने स्क्वैश खिलाड़ी दीपिका पल्लीकल से की सगाई

    मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर