विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 06, 2012 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

आइसीसी का इन्कार, अजमल का नाम शामिल नहीं होगा

By Edited By:
Published: Thu, 06 Sep 2012 12:59 PM (IST)

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आइसीसी) ने टेस्ट क्रिकेटर ऑफ द ईयर अवॉर्ड के संभावित दावेदारों में सईद अजमल का नाम शामिल ...और पढ़ें

News Article Hero Image

कराची। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आइसीसी) ने टेस्ट क्रिकेटर ऑफ द ईयर अवॉर्ड के संभावित दावेदारों में सईद अजमल का नाम शामिल नहीं करने पर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) की आपत्ति को खारिज कर दिया है। दूसरी ओर पाकिस्तान पर इस बात का दबाव बन रहा है कि श्रीलंका में 15 को होने वाले इस पुरस्कार समारोह का बहिष्कार करे।

आइसीसी ने कहा कि स्वतंत्र जूरी ने इस ऑफ स्पिनर को सूची में जगह नहीं दी थी। पीसीबी ने आइसीसी की चयन प्रक्रिया पर सवाल उठाए थे और इसमें संशोधन की अपील की थी। आइसीसी ने अजमल के मामले पर पुनर्विचार से इन्कार कर दिया। अजमल ने पिछले एक साल में टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लिए थे। आइसीसी के प्रवक्ता ने कहा, आइसीसी के पास जूरी के नतीजों को बदलने का कोई अधिकार नहीं है। वोटिंग के बाद के नतीजे अंतिम हैं और सभी के लिए इनको मानना अनिवार्य है। अजमल 04 अगस्त, 2011 से 06 अगस्त, 2012 तक 72 विकेट चटकाकर टेस्ट मैचों में सबसे ज्यादा विकेट हासिल करने वाले गेंदबाज थे।

आइसीसी के प्रवक्ता ने अजमल को अंतिम सूची से बाहर किए जाने का कारण समझाते हुए कहा, पुरस्कारों के लिए चयन प्रक्रिया को समझना महत्वपूर्ण है। यह बेहद आसान और पारदर्शी है और इस पर स्वतंत्र आडिटर अर्नेस्ट एंड यंग निगरानी रखता है। पहली सूची पांच सदस्यीय चयन समिति ने तैयार की, जिसके प्रमुख क्लाइव लॉयड हैं। इन खिलाडि़यों को पूरी दुनिया की क्रिकेट से जुड़ी 32 हस्तियां ने मतदान किया। उन्हीं में से सबसे ज्यादा मत पाने वाले चार खिलाडि़यों को संभावितों में रखा गया है। हालांकि इससे पूर्व 2010 में इंग्लैंड के ऑफ स्पिनर ग्रीम स्वान को क्रिकेटर ऑफ द ईयर अवार्ड के लिए शामिल नहीं किया गया था, लेकिन बाद में इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड के दबाव में उनका नाम शामिल कर लिया गया था।

आइसीसी के इन्कार के बाद पीसीबी पर पुरस्कार समारोह का बहिष्कार करने का दबाव बढ़ता जा रहा है, क्योंकि आइसीसी ने ऑफ स्पिनर सईद अजमल को किसी भी वर्ग की संभावित दावेदारों की अंतिम सूची में शामिल करने से इन्कार कर दिया। पाकिस्तान के पूर्व कप्तान राशिद लतीफ ने कहा कि अजमल वर्ष के सर्वश्रेष्ठ टेस्ट या सर्वश्रेष्ठ वनडे क्रिकेटर के रूप में दावेदार होने का हकदार था। आइसीसी ने जिस तरह से उसकी उपेक्षा की है, यह सही नहीं है। पीसीबी को श्रीलंका में पुरस्कार समारोह के बहिष्कार द्वारा अपनी नाराजगी उन्हें जाहिर कर देनी चाहिए। पूर्व टेस्ट खिलाड़ी और पाकिस्तानी राष्ट्रीय टीम के पूर्व कोच मोहसिन खान ने कहा कि आइसीसी की संभावित दावेदारों को चुनने की प्रक्रिया में साफ तौर पर खामी दिखती है क्योंकि क्रिकेट में प्रदर्शन ही सब कुछ है। किस व्यक्तिकी पसंद या नापसंद इसमें नहीं आती। बेहतर यही होगा कि पीसीबी इस पुरस्कार समारोह का बहिष्कार करे। पुरस्कार समारोह 15 सितंबर को आयोजित किया जाना है।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर