अफरीदी ने कहा कोहली से मेरी दोस्ती राजनीति से परे, धौनी के बर्ताव को लेकर बोले ऐसा
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी ने अपनी और विराट कोहली की दोस्ती को लेकर कि, मेरे रिश्ते राजनीतिक हालत पर निर्भर नहीं करते।
सेंट मोरित्ज (स्विट्जरलैंड), पीटीआइ। भारत और पाकिस्तान के बीच सीमा पर जारी तनाव से भले ही दोनों देशों के बीच क्रिकेट से जुड़े संबंध प्रभावित हुए हो, लेकिन दोनों देश के खिलाड़ियों ने आपसी रिश्तों की मजबूती का हमेशा परिचय दिया है।
पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर शाहिद आफरीदी ने सीमा पर तनाव के बीच पूरी दृढ़ता के साथ कहा, ‘भारतीय कप्तान विराट कोहली और उनके बीच मित्रवत संबंध राजनीतिक स्थिति से प्रभावित नहीं हो सकते और ना ही ऐसा होगा। विराट के साथ मेरे रिश्ते राजनीतिक हालत पर निर्भर नहीं करते। विराट शानदार इंसान हैं, मेरी ही तरह अपने देश के क्रिकेट के दूत हैं।’ उन्होंने कहा कि कोहली हमेशा उन्हें बहुत अधिक सम्मान देते हैं।
विराट और धौनी का व्यवहार है अलग
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान ने कहा, ‘मैं मानता हूं कि क्रिकेटर के तौर पर दो लोगों के बीच के रिश्तों से हम यह उदाहरण तय कर सकते हैं कि देशों के बीच कैसे रिश्ते होने चाहिए। मुझे लगता है कि पाकिस्तान के बाद उन्हें भारत और ऑस्ट्रेलिया में सबसे अधिक प्यार और सम्मान मिला।’ कोहली के खेल को लेकर उन्होंने कहा, ‘विराट अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। मुझे उनकी आक्रामकता से कोई परेशानी नहीं है। उनका व्यवहार महेंद्र सिंह धौनी से अलग है।’
अफरीदी ने किया तिरंगे का सम्मान
पाकिस्तान के दिग्गज क्रिकेटर शाहिद आफरीदी ने स्विट्जरलैंड में कुछ ऐसा किया है जिससे सोशल मीडिया पर उनकी काफी तारीफ हो रही है। आफरीदी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। आफरीदी ने अपने प्रशंसकों के साथ फोटो क्लिक कराए। इस दौरान भारतीय तिरंगा लेकर कुछ फैंस खड़े नजर आए। आफरीदी जब उनके साथ फोटो क्लिक कराने गए तो उनकी नजर तिरंगे पर पड़ी। अफरीदी ने देखा कि तिरंगा पूरी तरह खुला नहीं था तो उन्होंने कहा, ‘झंडा सीधा करो।’ ऐसा देखकर वाकई प्रशंसक खुश हो गए।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।