विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 14, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

बिहार में शराब तस्‍करी के अजब-गजब तरीकों से पुलिस भी हैरान, जानिए

By Amit AlokEdited By:
Published: Sun, 14 May 2017 08:05 AM (IST)Updated: Sun, 14 May 2017 11:27 PM (IST)

शराबबंदी के बाद बिहार में तस्‍करों व पुलिस के बीच तू डाल-डाल तो मैं पात-पात क‍ा खेल चल रहा है। ...और पढ़ें

बिहार में शराब तस्‍करी के अजब-गजब तरीकों से पुलिस भी हैरान, जानिए
बिहार में शराब तस्‍करी के अजब-गजब तरीकों से पुलिस भी हैरान, जानिए

पटना [भुवनेश्वर वात्स्यायन]। शराब के गोरखधंधे में भिड़े भाई लोगों का जतन किसी इनोवेशन से कम नहीं। नए-नए अजब-गजब तरीके सोच-सोच कर वे फूलप्रूफ अंदाज में शराब को इधर-उधर पहुंचा रहे हैं। यह पुलिस को भी हैरान करता रहता है। यह जानना दिलचस्प है कि फुटबाल के ब्लाडर और बोलेरो के ट्यूब में भी शराब की तस्‍करी के मामले पकड़े गए हैं। कुछ मामले तो और भी ज्यादा दिलचस्‍प हैैं।

सिलेंडर की पेंदी काटकर उसमें भर डाली देसी शराब की पाउच
नवादा में कुछ माह पहले पुलिस ने एक एलपीजी सिलेंडर से देसी शराब की पाउच बरामद की। धंधे में लगे लोगों का इनोवेशन यह था कि उन्होंने खाली एलपीजी सिलेंडर की पेंदी को छोटे आकार में काट लिया। जगह ऐसी बनायी कि उसमें पाउच चले जाएं। जिस जगह उन्होंने सिलेंडर को काटा उसे उस साइज के लोहे की चादर में कब्जा लगाकर जोड़ दिया। फिर उसमें ताला-चाबी लगा दी। जिस वाहन से इसे ढोया जा रहा था उसकी जांच में यह मामला पकड़ा गया।

लग्जरी एसी टूरिस्ट बस में अलग कंपार्टमेंट बना डाला
इसी महीने मुजफ्फरपुर के चांदनी चौक थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बिल्कुल ही नई लग्जरी एसी टूरिस्ट बस को उनके संचालकों के साथ शराब तस्करी के इनोवेशन में पकड़ा। हरियाणा नंबर की टूरिस्ट बस को देखकर पुलिस को थोड़ा अचरज हुआ कि इस इलाके में टूरिस्ट बस क्यों घूम रही? पुलिस ने उसे रोक कर जांच की तो मामला साफ हो गया।

टूरिस्ट बस की फर्श के नीचे एक खास किस्म का कंपार्टमेंट बना था जिसमें 44 कार्टन विदेशी शराब थे। बाजार में इसकी कीमत 10 लाख रुपये आंकी गई। हरियाणा के रोहतक से इस बस को बुक किया गया था।

पानी के टैैंकर में छुपा डाली शराब
मुजफ्फरपुर में ही पिछले दिनों एक मामला यूं सामने आया कि पानी के एक टैैंकर से बड़ी संख्या में शराब की बोतलें बरामद हुईं। टैैंकर को सुनसान इलाके में पार्क कर रखा गया था।

तस्‍करी के ये तरीके अब हो चुके पुराने
शराबबंदी के आरंभिक दिनों में झारखंड से आने वाले गिट्टी (स्टोन चिप्स) और बालू के ट्रकों के बीच में शराब के कार्टन छिपाकर लाना शुरू किया गया था। कार के सीट के नीचे एक कंपार्टमेंट बनाकर उसमें शराब लाई जा रही थी। हाल ही में एक तरबूज लदे ट्रक के बीच शराब मिली। ज्‍यादा दिन नहीं हुए, जब जमी दही के भीतर शहाब की बोतल मिली थी। लेकिन, अब शराबबंदी के ये तरीके पुराने पड़ते दिख रहे हैं।

ऐसे करते स्‍टोरेज

तस्‍करी के साथ शराब के स्‍टोरेज के तरीके भी कम अजब-गजब नहीं। दो दिन पहले सासाराम के वजीरगंज में एक मामला यूं आया कि एक लंबी और लगभग दस फीट गहरी सुरंग बना डाली गई थी। उसमें 40 बोरा देसी शराब छिपाकर रख दिया गया था। सुरंग का पता नहीं चले, इसलिए उसे घास से ढंक दिया गया था।

शराबबंदी के आरंभ से अब तक घर की पानी की टंकियों से शाैचालय के टैंक तक, कई जगह छुपाकर रखी शराब बरामद की जा चुकी है।

यह भी पढ़ें: जयमाल के समय नशेड़ी दुल्‍हे के कदम लड़खड़ाए, नाराज दुल्‍हन ने कर दिया BYE

छोड़ेंगे नहीं, पुलिस सक्रिय है
डीजीपी पीके ठाकुर ने कहा कि शराब के धंधे में लगे लोग बच नहीं सकते। पुलिस सक्रिय है। अब नयी स्ट्रैटजी के केंद्र में धंधेबाज हैैं। चाहे वे जो तरीके अपनाएं, पकड़े जाएंगे।

यह भी पढ़ें: Social Media: लालू का केजरीवाल कनेक्शन, ट्विटर पर ट्रोलिंग ...और चूहों का हैंगओवर