विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 08, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

अस्पताल में एंबुलेंस न मिलने पर गोद में पत्नी का शव लेकर घर गया पति

By Kajal KumariEdited By:
Published: Wed, 08 Mar 2017 11:21 AM (IST)Updated: Thu, 09 Mar 2017 08:07 PM (IST)

सदर अस्पताल में महिला की मौत के बाद परिजनों ने एम्बुलेंस की मांग की तो अस्पताल ने उपलब्ध नहीं कराया ...और पढ़ें

अस्पताल में एंबुलेंस न मिलने पर गोद में पत्नी का शव लेकर घर गया पति
अस्पताल में एंबुलेंस न मिलने पर गोद में पत्नी का शव लेकर घर गया पति

पटना [जेएनएन]। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में मानवता को शर्मसार करनेवाली एक घटना सामने आई है। जिसने भी यह देखा उसने शर्म से सर झुका लिया। सदर अस्पताल से एंबुलेंस नहीं मिलने पर महिला मरीज की लाश को परिजन गोद में उठाकर घर ले गए।

महिला की मौत के बाद शाम सात बजे जब मृत मरीज के परिजनों ने अस्पताल एंबुलेंस की मांग की तो उन्हें एंबुलेंस नहीं दिया गया। इसके बाद परिजनों ने शव को चादर में लपेटा और परिसर से बाहर निकल गए। सड़क पर आने के बाद ऑटो चालक ने मदद की और शव को घर पहुंचाया गया। मालूम हो कि सदर अस्पताल में फिलहाल दो एंबुलेंस अच्छी हालत में मौजूद हैं। 

जानकारी के मुताबिक, शिवपुरी मोहल्ला के सुरेश मंडल की पत्नी श्यामा देवी 18 फरवरी से ही सदर अस्पताल में भर्ती थी। सुरेश मजदूरी कर परिवार चलाता है। उसका कहना है कि मंगलवार को ही दिन में पत्नी को वार्ड से आईसीयू में शिफ्ट किया गया था। शाम सात बजे उसकी मौत हो गई।
शव को ले जाने की बात हुई तो निजी गाड़ी के लिए पैसे नहीं थे। अस्पताल प्रबंधक और डॉक्टर से एम्बुलेंस की मांग की गई, लेकिन सदर अस्पताल प्रबंधन ने एम्बुलेंस नहीं दिया। इसके बाद भतीजे की मदद से शव को परिजनों ने चादर व गेंदरा में लपेटा और उठा कर पैदल ही बाहर निकल गए।
परिजनों ने सड़क पर कई ऑटो चालकों से गुहार की, लेकिन कोई तैयार नहीं हुआ। एक ने 200 रुपए की मांग की। इस बीच, पीछे से राकेश कुमार नामक अस्पताल कर्मी ऑटो का किराया 200 रुपये देने के लिए आया, लेकिन परिजन व ऑटो चालक ने पैसा नहीं लिया।
कहा - अस्पताल प्रबंधक ने
सदर अस्पताल के प्रबंधक प्रवीण कुमार ने बताया आईसीयू में मौत होने के बाद शव ले जाने के लिए श्यामा के परिजन ने एम्बुलेंस की मांग की। चालक नहीं रहने के कारण एम्बुलेंस नहीं दिया जा सका। तब उन्होंने हंगामा किया। हालांकि, उन्हें समझा बुझाकर शांत कराया गया और श्यामा का शव उसके परिजन निजी गाड़ी से घर लेकर गए।
कहा-अस्पताल उपाधीक्षक ने 
सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. एनके चौधरी ने बताया कि मरीज की मौत के बाद शव को उसके परिजनों द्वारा कांधे पर ले जाने की सूचना नहीं है। सदर अस्पताल में तीन एम्बुलेंस हैं, इसमें दो ही अभी कार्यरत हैं। शव पहुंचाने के लिए एंबुलेंस नहीं दिया जाता है। मरीज के रेफर होने पर उसे दूसरे अस्पताल में स्थानांतरण के लिए एम्बुलेंस दिया जाता है। शव ले जाने के लिए परिजन निजी गाड़ी की व्यवस्था करते हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।