यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 09, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
रोड नहीं तो वोट नहीं

जासं, मधुबनी : अरेर में सीएम के जनसभा स्थल पर जनता की ओर से विरोध के स्वर भी मुखर दिखे। बेनीपट्टी प्रखंड के नागदह, बलाइन के ग्रामीण रोड नहीं तो वोट नहीं का बैनर लिए नारेबाजी करते पहुंचे थे। विनोद मंडल, नवीन पासवान, प्रकाश झा, मो सुलतान सहित अन्य ग्रामीण प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना एवं मुख्यमंत्री पुल योजना नागदह, अर्द्धनिर्मित पुल एवं स्वीकृत अरेर से चंपा पथ का निर्माण नहंी होने से खासे आक्रोशित थे। उन्हें बैनर लेकर मंच की ओर आता देख जिलाध्यक्ष उदयकांत चौधरी व जदयू नेता नीरज झा उन तक लपके व उनसे वार्ता की। जिलाध्यक्ष ने कहा कि वे विधान पार्षद भी हैं और उनकी इस मांग को पूरा करने में अगर आचार संहिता बाधक नहीं होगी तो इसके लिए पूरा प्रयास करने में समर्थ भी हैं। उन्होंने कहा कि इस कार्य के लिए टेंडर हो चुका है तो झंझारपुर में सीएम की संकल्प यात्रा संपन्न होने के उपरांत 14 तारीख के बाद उनसे आकर वे लोग मिल सकते हैं।
उधर सीएम की चार बजे संध्या के प्रस्तावित आगमन में तीन घंटे के विलंब देख डी एरिया में कुर्सियां फेके जाने लगी और जमकर नारेबाजी हुई। हालांकि मंचस्थ नेताओं ने अपने अनुनय विनय व अंत तक नारे के भरपूर जोर पर इसे दबाने का भरसक प्रयास भी किया।
