Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Trump-Putin Meeting: जल्द हो सकती है ट्रंप और पुतिन की मुलाकात, रूस ने कहा- हम वार्ता के लिए तैयार

    रूस के राष्ट्रपति भवन क्रेमलिन ने शुक्रवार को कहा कि उनका देश राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और डोनाल्ड ट्रंप के बीच बैठक के लिए तैयार है। ट्रंप ने कहा कि उनके और पुतिन के बीच मुलाकात की योजना बनाई जा रही है लेकिन उन्होंने वार्ता के लिए कोई समय सीमा नहीं बताई है। बता दें कि ट्रंप 20 जनवरी को अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेने वाले हैं।

    By Jagran News Edited By: Jeet Kumar Updated: Sat, 11 Jan 2025 06:55 AM (IST)
    Hero Image
    राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और अमेरिका के डोनाल्ड ट्रंप के बीच बैठक के लिए तैयार (फोटो- रॉयटर)

     न्यूयार्क टाइम्स, वाशिंगटन। रूस के राष्ट्रपति भवन क्रेमलिन ने शुक्रवार को कहा कि उनका देश राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच बैठक के लिए तैयार है। हालांकि इस वार्ता के बारे में कोई ठोस कदम 20 जनवरी को ट्रंप के शपथ ग्रहण के बाद ही उठाया जा सकता है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    पुतिन के बीच मुलाकात की योजना बनाई जा रही है

    इससे पहले ट्रंप ने कहा कि उनके और पुतिन के बीच मुलाकात की योजना बनाई जा रही है, लेकिन उन्होंने वार्ता के लिए कोई समय सीमा नहीं बताई है।

    क्रेमलिन के प्रवक्ता ने रूस के दीर्घकालिक रुख की पुष्टि की कि मॉस्को वार्ता के लिए तैयार है। उन्होंने यह जवाब ट्रंप के उस बयान के बारे में पूछे गए सवाल पर दिया, जिसमें उन्होंने गुरुवार को कहा कि यूक्रेन युद्ध पर चर्चा के लिए पुतिन उनसे मिलना चाहते हैं।

    बता दें कि ट्रंप 20 जनवरी को अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेने वाले हैं। ऐसी उम्मीद जताई जा रही है कि फरवरी, 2022 से जारी रूस-यूक्रेन युद्ध का कूटनीतिक समाधान निकल सकता है।

    रूसी तेल पर सबसे कड़े प्रतिबंध

    समाचार एजेंसी रॉयटर के अनुसार, बाइडन प्रशासन ने रूस के तेल और गैस क्षेत्र में शामिल 200 से अधिक कंपनियों और व्यक्तियों पर प्रतिबंध लगाया है

    प्रशासन ने शुक्रवार को कहा कि प्रतिबंधों से रूस को हर महीने अरबों डालर का नुकसान होगा। प्रेट्र के अनुसार बाइडन प्रशासन ने रूस पर अमेरिकी प्रतिबंधों का उल्लंघन करने के लिए दो भारतीय कंपनियों स्काईहार्ट मैनेजमेंट सर्विसेज और एविएशन मैनेजमेंट सर्विसेज पर पर भी प्रतिबंध लगाए हैं।

    यूक्रेन ने रूस के कब्जे वाले डोनेत्स्क में सुपरमार्केट को बनाया निशाना

    यूक्रेन ने रूस के कब्जे वाले डोनेत्स्क में एक सुपरमार्केट को मिसाइल से निशाना बनाया है। इस हमले में दो नागरिकों की मौत हो गई, जबकि अन्य दो घायल हो गए। रूस के इस आरोप को लेकर यूक्रेन की ओर से कोई टिप्पणी नहीं की गई है।

    इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रही तस्वीर में क्षतिग्रस्त इमारत के सामने मलबे का ढेर दिख रहा है और एक कार जलती नजर आ रही है। एक ड्राइवर की ओर से पोस्ट किए गए डैशकैम फुटेज में वह क्षण दिखाई दे रहा है जब सुपरमार्केट (मोलोको) पर हमला हुआ। इसके परिणामस्वरूप बड़ा विस्फोट हुआ और आग की लपटें उठने लगीं।

    रूस समर्थित एक वरिष्ठ अधिकारी डेनिस पुशिलिन ने यूक्रेनी सेना पर सुबह के व्यस्त समय के दौरान हिमारस से मिसाइल दागने का आरोप लगाया। इस हमले में अन्य इमारतों को भी नुकसान पहुंचा है।

    रूस की ओर 72 ड्रोन से हमला बोला गया

    वहीं यूक्रेन ने कहा है कि रूस की ओर से रातभर के दौरान 72 ड्रोन से हमला बोला गया। इनमें से 33 को नष्ट कर दिया गया। वायु सेना ने कहा कि पांच ड्रोन ने चेर्निहाइव के उत्तरी क्षेत्र में विभिन्न इमारतों पर हमला किया, जिससे एक व्यक्ति घायल हो गया। नष्ट किया गया एक ड्रोन कीव में एक इमारत पर गिरा, लेकिन इससे कोई हताहत नहीं हुआ।

    रूस के खिलाफ अतिरिक्त प्रतिबंधों को मंजूरी

    इस बीच, यूक्रेन को यूरोपीय संघ के सात सदस्यों के समूह द्वारा ऋण के हिस्से की पहली 3.09 अरब डॉलर की किश्त प्राप्त हुई है। अक्टूबर में जी7 नेता यूक्रेन को 50 अरब डालर ऋण देने पर सहमत हुए थे। साथ ही जापान की कैबिनेट ने शुक्रवार को यूक्रेन के खिलाफ युद्ध को लेकर रूस के खिलाफ अतिरिक्त प्रतिबंधों को मंजूरी दी है।

    यह भी पढ़ें- ट्रंप और ओबामा का वीडियो वायरल, होंठ पढ़ने वाले ने बताया- दोनों के बीच क्या हुई बात? सामने आ रहा ईरान कनेक्शन