Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    जनरल इगोर किरिलोव की मौत का बदला लेगा रूस, मॉस्को में हाई प्रोफाइल मीटिंग; कीव पर भयंकर पलटवार की तैयारी

    रूसी सेना के टॉप जनरल इगोर किरिलोव (54) की मंगलवार सुबह एक बम धमाके में मौत हो गई। इगोर की हत्या के बाद रूसी सैन्य अधिकारियों की सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा के साथ बदला लेने पर उच्च स्तरीय बैठकें हो रही हैं। रूस के पूर्व राष्ट्रपति और वर्तमान में वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी दिमित्री मेदवेदेव ने कहा कि अब यूक्रेन के सैन्य और राजनीतिक नेतृत्व को इसका खामियाजा भुगतना होगा।

    By Jagran News Edited By: Jeet Kumar Updated: Wed, 18 Dec 2024 01:02 AM (IST)
    Hero Image
    रूसी सेना के टॉप जनरल इगोर किरिलोव की एक बम धमाके में मौत (रॉयटर)

    रॉयटर, मॉस्को। रूसी सेना के टॉप जनरल इगोर किरिलोव (54) की मंगलवार सुबह एक बम धमाके में मौत हो गई। ड्राइवर के साथ जब वह इमारत से निकल रहे थे, बाहर खड़े एक ई-स्कूटर में लगा आइइडी, रिमोट बटन दबाए जाने के बाद जोरदार धमाके के साथ फट गया, जिसमें चालक समेत इगोर की मौत हो गई।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    कीव को जरूर सजा मिलेगी- रूस

    इगोर की हत्या के बाद रूसी सैन्य अधिकारियों की सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा के साथ बदला लेने पर उच्च स्तरीय बैठकें हो रही हैं। रूस के पूर्व राष्ट्रपति और वर्तमान में वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी दिमित्री मेदवेदेव ने कहा कि अब यूक्रेन के सैन्य और राजनीतिक नेतृत्व को इसका खामियाजा भुगतना होगा। मॉस्को ने यूक्रेन पर कई हाई-प्रोफाइल लोगों की हत्या का आरोप लगाते हुए उसे युद्ध अपराध का दोषी करार दिया और कहा कि कीव को इसकी सजा मिलेगी।

    इगोर की हत्या की जिम्मेदारी यूक्रेन ने ली

    रूस के परमाणु, जैविक और रसायनिक सुरक्षा बल के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल इगोर की हत्या की जिम्मेदारी यूक्रेन सीक्रेट सर्विस (एसबीयू) ने ली है और यह लड़ाई के बाद अब तक यूक्रेन द्वारा रूस के अंदर मारे जाने वाले सबसे बड़े सैन्य अधिकारी हैं। एसबीयू के अनुसार फरवरी 2022 से शुरू लड़ाई के बाद से रूस ने 4,800 से ज्यादा रासायनिक हथियारों का इस्तेमाल किया है, जिनमें के-1 काम्बैट ग्रेनेड प्रमुख हैं।

    हत्या से एक दिन पहले, एसबीयू ने इगोर पर आरोप लगाया था कि वह यूक्रेन में ''प्रतिबंधित रासायनिक हथियारों के बड़े पैमाने पर इस्तेमाल'' के लिए जिम्मेदार थे। रूसी सैनिकों ने यूक्रेनी सैनिकों को छिपने के ठिकानों से बाहर निकालने में जहरीले रासायनिक गोला-बारूद गिराए थे।

    यूक्रेन ने इगोर की हत्या को वैध बताया

    सुरक्षा एजेंसियों ने दो कर्मचारियों की हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आतंकी मामला भी दर्ज किया जा सकता है। वहीं, इस युद्ध को अपने अस्तित्व के लिए खतरा करार देने वाले यूक्रेन ने निशाना साधकर की गई ऐसी हत्याओं को वैध तरीका बताया है। रूस ने यूक्रेन द्वारा लगाए गए रासायनिक हथियारों के इस्तेमाल के आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि इगोर ने खुद कई बार टेलीविजन पर आकर कीव द्वारा परमाणु सुरक्षा प्रोटोकॉल तोड़ने की बात कही थी।

    अब तक मारे गए रूसी अधिकारी

    • अगस्त 2022 में रूसी राष्ट्रवादी विचारक एलेक्जेंडर दुगिन की बेटी दारया दुगिना की कार धमाके में हत्या।
    • अप्रैल 2023 में युद्ध-ब्लागर व्लादलेन टाटा‌र्स्की की कैफे में हुए धमाके में हत्या।
    • जुलाई 2023 में सबमरीन कमांडर स्टैनिस्लैव रिजित्सकी की गोली मारकर हत्या।
    • नवंबर में वरिष्ठ नौसेना अधिकारी वैलेरी ट्रांकोवस्की की कार धमाके में हत्या।

    तालिबान को आतंकी सूची से हटाने की ओर बढ़ा रूस

    रूस ने अफगानिस्तान की सत्ता पर काबिज तालिबान को आतंकी सूची से हटाने की दिशा में कदम बढ़ाया है। संसद के निचले सदन ने मंगलवार को एक बिल को पारित किया, जिससे तालिबान को आतंकी सूची से बाहर किया जा सकता है।ड्यूमा की ओर से पारित बिल पर संसद के ऊपरी सदन से मुहर लगनी बाकी है। दोनों सदनों से पारित होने के बाद राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के हस्ताक्षर से यह कानून बन जाएगा।

    रूस ने 2003 में तालिबान को आतंकी संगठनों की सूची में डाला था। रूसी कानून के तहत इस तरह के आतंकी संगठनों के साथ किसी तरह का संपर्क दंडनीय है। हालांकि इस दौरान ऐसे कई मौके आए, जब तालिबानी प्रतिनिधिमंडल मास्को की मेजबानी में विभिन्न फोरम में शामिल हुआ। जबकि रूसी अधिकारियों ने अफगानिस्तान में स्थिरता के लिए तालिबान के साथ वार्ता के लिए इस तरह के विरोधाभास से जुड़े सवालों को नरजअंदाज किया है।

    यह भी पढ़ें- यूक्रेनी हमले में रूस के न्यूक्लियर चीफ की मौत, रूस बोला- 'ये आतंकी हमला, बदला लेंगे'