भारत की कैद में 463 पाकिस्तानी, दोनों देशों ने सौंपी एक-दूसरे के कैदियों की लिस्ट तो PAK ने कर दी ये मांग
भारत और पाकिस्तान ने राजनयिक सहायता समझौते के तहत अपनी-अपनी जेलों में बंद कैदियों की सूचियां साझा कीं हैं। इस्लामाबाद ने नई दिल्ली को 246 भारतीय कैदियों की सूची सौंपी जिनमें 53 नागरिक और 193 मछुआरे शामिल हैं। वहीं भारत ने पाकिस्तान को 463 पाकिस्तानी कैदियों की सूची दी। इसके साथ ही पाकिस्तान ने एक मांग भी की है।
इस्लामाबाद, पीटीआई। भारत और पाकिस्तान ने मंगलवार (01 जुलाई, 2025) को एक-दूसरे की जेलों में बंद कैदियों की सूची साझा की। इस्लामाबाद ने नई दिल्ली को 246 भारतीयों या भारतीय समझे जाने वाले कैदियों की सूची सौंपी, जिसमें 53 नागरिक और 193 मछुआरे हैं।
विदेश कार्यालय के बयान के अनुसार, 2008 के राजनयिक सहायता समझौते के तहत दोनों देशों को प्रत्येक वर्ष एक जनवरी और एक जुलाई को एक-दूसरे की जेलों में बंद कैदियों की सूची साझा करनी होती है। पाकिस्तान ने इस्लामबाद स्थित भारतीय उच्चायोग के एक प्रतिनिधि को भारतीय कैदियों की सूची सौंपी।
भारत में पाकिस्तान के 463 कैदी
विदेश मंत्रालय ने कहा, 'आज, पाकिस्तान और भारत ने कूटनीतिक चैनलों के माध्यम से एक-दूसरे की जेलों में बंद कैदियों की सूची साझा की।' भारत ने नई दिल्ली स्थित पाकिस्तान के उच्चायोग के एक राजनयिक को 463 पाकिस्तानी या पाकिस्तानी समझे जाने वाले कैदियों (382 नागरिक और 81 मछुआरे) की सूची साझा की।
पाकिस्तान ने भारत से की ये मांग
पाकिस्तान ने उन सभी पाकिस्तानी कैदियों और मछुआरों की तत्काल रिहाई और प्रत्यर्पण की मांग की, जिन्होंने अपनी सजा पूरी कर ली है और जिनकी राष्ट्रीय स्थिति की पुष्टि हो चुकी है। इधर, भारत ने भी पाकिस्तान से अपने कैदियों की सुरक्षा और भलाई सुनिश्चित करने को कहा है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।