Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    रूसी जनमत संग्रह की संयुक्त राष्ट्र ने की भ‌र्त्सना, 150 देशों ने की यूक्रेन से सेना वापसी की मांग

    By AgencyEdited By: Sonu Gupta
    Updated: Sun, 25 Sep 2022 08:01 PM (IST)

    यूक्रेन में कब्जे वाले चार क्षेत्रों में जनमत संग्रह के साथ ही रूसी सेना के हमले जारी हैं। यूक्रेन सरकार ने आरोप लगाया है कि रूसी सेना ने दक्षिण के नागरिक ठिकानों पर हमले किए हैं और नागरिक सुविधाओं को निशाना बनाया है।

    Hero Image
    जनमत संग्रह की संयुक्त राष्ट्र ने की निंदा। (फोटो- रायटर्स)

    कीव, रायटर। यूक्रेन में कब्जे वाले चार क्षेत्रों में जनमत संग्रह के साथ ही रूसी सेना के हमले जारी हैं। यूक्रेन सरकार ने आरोप लगाया है कि रूसी सेना ने दक्षिण के नागरिक ठिकानों पर हमले किए हैं और नागरिक सुविधाओं को निशाना बनाया है। यूक्रेन और पश्चिमी देशों ने कहा है कि जनमत संग्रह यूक्रेनी जमीन को हड़पने का रूस का षडयंत्र है। इसे विश्व मान्यता नहीं देगा। इस बीच संयुक्त राष्ट्र महासभा के तीन चौथाई सदस्य देशों ने यूक्रेन पर हमले के लिए रूस की भ‌र्त्सना के प्रस्ताव पर मतदान किया है। इन करीब 150 देशों ने यूक्रेन से रूसी सेनाओं की वापसी की मांग की है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    35 सैन्य और नागरिक ठिकानों पर रूसी सेना ने की गोलाबारी

    यूक्रेन ने कहा है कि रूसी सेना ने शनिवार-रविवार की रात 35 सैन्य और नागरिक ठिकानों पर मिसाइल हमले और गोलाबारी की। जबकि दक्षिणी यूक्रेन के बंदरगाह शहर ओडेसा पर ड्रोन से हमले किए गए। इस हमले में किसी के मारे जाने की सूचना नहीं है। रूस ने यूक्रेन में किसी नागरिक ठिकाने को निशाना बनाए जाने से इन्कार किया है।

    यूक्रेनी सेना के हमले में दो नागरिकों की मौत

    रूस की सरकारी समाचार एजेंसी आरआइए के अनुसार खेरसान में यूक्रेनी सेना ने एक होटल को निशाना बनाया जिससे दो नागरिकों की मौत हो गई। खेरसान पर युद्ध के शुरुआती दिनों में ही रूसी सेना ने कब्जा कर लिया था। यूक्रेन के रूसी कब्जे वाले लुहांस्क, डोनेस्क, खेरसान और जपोरीजिया इलाकों में रविवार को तीसरे दिन भी जनमत संग्रह जारी रहा।

    आमजनों को मतदान करना अनिवार्य

    यूक्रेनी अधिकारियों ने कहा है कि आमजनों को घरों में रहने और अनिवार्य रूप से मतदान करने के लिए कहा गया है। रूसी सेना रूस में शामिल होने के प्रस्ताव के पक्ष में मतदान के लिए नागरिकों को धमका रही है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा है कि दुनिया को एक स्वर में रूसी जनमत संग्रह और यूक्रेन में तीन लाख सैनिकों की तैनाती की घोषणा की निंदा करनी चाहिए।

    शामिल होने वाले क्षेत्रों को पूर्ण सुरक्षा दी जाएगी : लावरोव

    संयुक्त राष्ट्र में संबोधन के बाद न्यूयार्क में अंतरराष्ट्रीय मीडिया के समक्ष रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा कि जनमत संग्रह में अगर आमजनों की रूस में शामिल होने की इच्छा जाहिर हुई तो रूसी नागरिक के रूप में उनकी सुरक्षा का पूरा इंतजाम किया जाएगा। जनमत संग्रह वाले इलाके रूस की धरती कहलाएंगे और वहां की वैसे ही सुरक्षा की जाएगी जैसे कि किसी अन्य रूसी इलाके की होती है। सुविधाओं के मामले में उनके साथ किसी तरह का भेदभाव नहीं होगा।

    यह भी पढ़ें- यूक्रेन में परमाणु संयंत्र के निकट रूस का मिसाइल हमला; यूक्रेन ने हमले को आतंकवाद बताया, आठ की मौत

    यह भी पढ़ें- विश्व बिरादरी में अलग-थगल पड़ रहे पुतिन, अमेरिका ने मोदी का उल्लेख कर रूसी राष्ट्रपति को चेताया