स्लोवाकिया के साथ व्यापार संबंध मजबूत करने के लिए भारत प्रतिबद्ध, राष्ट्रपति ने और क्या-क्या कहा?
राष्ट्रपति ने विभिन्न भारतीय विषयों पर स्लोवाकियाई स्कूली बच्चों द्वारा बनाई गई पेंटिंग्स की प्रदर्शनी भी देखी। राष्ट्रपति ने कलाकारों से बातचीत की और रंगों को कैनवास पर खूबसूरती से उकेरने के लिए उनकी सराहना की। स्लोवाक-भारतीय मैत्री सोसायटी भारतीय दूतावास के सहयोग से 2015 से पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन कर रही है। भारत और स्लोवाकिया के बीच द्विपक्षीय व्यापार 1.2 अरब यूरो को पार करने वाला है।

एएनआई, ब्रातिस्लावा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने स्लोवाकिया के साथ व्यापार संबंधों को मजबूत करने के लिए भारत की प्रतिबद्धता जताई है। राष्ट्रपति ने गुरुवार को स्लोवाकिया-भारत बिजनेस फोरम को संबोधित करते हुए कहा, विकास को गति देने का समय आ गया है। व्यापार जगत अवसरों का लाभ उठाए। भारतीय प्रतिभा स्लोवाकिया की आर्थिक प्रगति में मूल्यवान भागीदार हो सकती है।
राष्ट्रपति ने कहा, भारत स्लोवाकिया के साथ व्यापार संबंधों को बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। भारत विश्व में सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक है। यूरोपीय संघ के प्रमुख सदस्य के रूप में स्लोवाकिया को भारत के उपभोक्ता बाजार, कुशल कार्यबल और स्टार्टअप इकोसिस्टम से लाभ मिलना शुरू हो गया है।
ऑटोमोटिव क्षेत्र विशेष रूप से दोनों देशों के बीच मजबूत कड़ी के रूप में उभरा है। टाटा मोटर्स की सहायक कंपनी जगुआर लैंड रोवर ने स्लोवाकिया में निवेश किया है। कई अन्य भारतीय कंपनियों भी स्लोवाकिया में मौजूद हैं। भारत और स्लोवाकिया के बीच द्विपक्षीय व्यापार 1.2 अरब यूरो को पार करने वाला है।
रामायण पर आधारित कठपुतली शो देखा
राष्ट्रपति मुर्मु ने स्लोवाकिया के 150 बच्चों के साथ रामायण पर आधारित कठपुतली शो देखा। 45 मिनट के कठपुतली शो का संचालन सुश्री लेंका मुकोवा ने किया। मुकोवा 30 वर्षों से कठपुतली के माध्यम से बच्चों को शिक्षित कर रही हैं। पीटीआई के अनुसार लेखा श्रावंती देवीदासी के नाम से भी प्रसिद्ध मुकोवा ने बताया, मैं पिछले 17 वर्षों से कृष्ण भक्त हूं। मुझे रामायण की कहानी पसंद है, क्योंकि यह भावनाओं, प्रेम और मूल्यों से ओतप्रोत है। यह बच्चों के लिए बहुत शिक्षाप्रद है।
राष्ट्रपति सचिवालय ने कहा, राष्ट्रपति ब्रातिस्लावा कैसल में राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी द्वारा आयोजित भोज में शामिल हुईं। इस अवसर पर मुर्म ने कहा कि स्लोवाकिया में भारतीय संस्कृति के प्रति प्रेम हमारे लोगों के बीच मजबूत संबंधों का प्रमाण है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।