PM Modi In Cyprus: PM मोदी का साइप्रस में 'सांस्कृतिक कूटनीति', राष्ट्रपति निकोस को भेंट की हाथों से बनी कश्मीरी कालीन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साइप्रस के राष्ट्रपति को कश्मीरी हाथ से बना कालीन और आंध्र प्रदेश में तैयार चांदी का पर्स उपहार में दिया। कश्मीरी कालीन में घाटी की सुंदरता दर्शाई गई है जबकि चांदी का पर्स आंध्र प्रदेश की धातु कला का उत्कृष्ट नमूना है। पीएम मोदी विदेशी दौरों पर भारत की सांस्कृतिक धरोहर को बढ़ावा देने के लिए विशेष भेंट देते हैं।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी साइप्रस देश के दौरे पर गए हैं, इस दौरान भारत और साइप्रस के बीच के संबंधों को और मजबूत करने के लिए पीएम मोदी ने जोर दिया था। अब पीएम मोदी ने साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडुलाइड्स को गिफ्ट के तौर पर हाथों से बने कश्मीरी कालीन और आंध्रप्रदेश में तैयार चांदी का पर्स दिया है।
प्रधानमंत्री मोदी हर विदेशी दौरे पर भारत की विविध और प्राचीन कलाओं को बढ़ावा देने के लिए ऐसी खास भेंटें देते हैं, जो देश की सांस्कृतिक पहचान को दर्शाती हैं। यह परंपरा भारत की 'सांस्कृतिक कूटनीति' का भी हिस्सा बन चुकी है।
कश्मीरी रेशमी कालीन
इस बार प्रधानमंत्री ने जो रेशमी कालीन भेंट की, वह कश्मीर की घाटी में बने पारंपरिक कालीनों में से एक है, जिसे कुशल कारीगरों ने हाथों से गांठ बांधकर तैयार किया है। यह तकनीक सदियों पुरानी है और इसमें महीन बुनावट होती है।
यह कालीन शुद्ध मुलबरी रेशम से बनी है और इसमें प्राकृतिक रंगों का उपयोग हुआ है। डिजाइन में कश्मीर की खूबसूरती जैसे झीलें, चिनार के पेड़ और फूलों की आकृतियां शामिल हैं। कालीन की गहराई और चमक इसे खास बनाती है।
इस विशेष कालीन का रंग गहरा लाल है, जिसके किनारे फॉन और लाल रंग के हैं। इसमें बेलों और ज्यामितीय आकृतियों की पारंपरिक कढ़ाई है। इसकी खासियत इसका 'टू-टोन' इफेक्ट है, मतलब ये अलग-अलग रोशनी और एंगल से देखने पर दो अलग रंगों वाला कालीन दिखता है।
चांदी का क्लच पर्स
दूसरी ओर, चांदी का क्लच पर्स आंध्र प्रदेश की खास धातु कला से तैयार किया गया है। इसे ‘रेपुसे’ तकनीक से बनाया गया है, जिसमें धातु की सतह पर उभरे हुए डिजाइन बनाए जाते हैं। इस पर्स पर विस्तृत फूलों की आकृतियां हैं, जो मंदिरों और राजघरानों की कला से प्रेरित हैं।
पर्स के बीच में एक अर्ध-कीमती पत्थर जड़ा गया है, जो इसकी सुंदरता को और बढ़ाता है। इसकी मुड़ी हुई आकृति, सुंदर हैंडल और सजावटी किनारे इसे रॉयल लुक देते हैं।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।