Peru Protests: पेरू में सरकार के खिलाफ बढ़ रहे हिंसा प्रदर्शन, मशहूर पर्यटन स्थल 'माचू पिच्चू' को किया गया बंद
Peru Protests पेरू के राष्ट्रपति पेड्रो कैस्टिलो को पद से हटाए जाने के बाद सरकार के खिलाफ पिछले एक महीने से भारी विरोध प्रदर्शन चल रहा है। विरोध प्रदर्शन को देखते हुए माचू पिच्चू के प्रसिद्ध प्राचीन खंडहरों को अनिश्चित समय के लिए बंद कर दिया गया है।

लीमा, एजेंसी। पेरू के राष्ट्रपति पेड्रो कैस्टिलो को पद से हटाए जाने के बाद सरकार के खिलाफ पिछले एक महीने से भारी विरोध प्रदर्शन चल रहा है। विरोध प्रदर्शन को देखते हुए माचू पिच्चू के प्रसिद्ध प्राचीन खंडहरों को अनिश्चित समय के लिए बंद कर दिया गया है।
संस्कृति मंत्रालय ने 21 जनवरी को इस बात की जानकारी दी। मंत्रालय ने बताया कि पर्यटकों व स्थानीय लोगों की सुरक्षा को देखते हुए देश के सबसे प्रसिद्ध पर्यटक स्थल के साथ-साथ साइट तक जाने वाले इंका ट्रेल को भी अस्थाई रूप से बंद कर दिया गया है।
माचू पिच्चू में 417 पर्यटक फंसे
पर्यटन मंत्री लुइस फर्नांडो हेलगुएरो ने बताया कि माचू पिच्चू में 417 पर्यटक फंसे हुए हैं और बाहर निकलने में असमर्थ हैं। उनमें से 300 से अधिक विदेशी नागरिक हैं। बता दें कि माचू पिच्चू दुनिया के सात अजूबों में से एक के रूप में जाना जाता है।
पुलिस ने शनिवार को लीमा में पेरू के सबसे खास सार्वजनिक विश्वविद्यालय में उन प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए छापा मारा, जिन्हें बड़े प्रदर्शनों में भाग लेने के लिए कैंपस में रखा गया था। गृह मंत्री विसेंट रोमेरो ने कहा कि 100 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया है।
राष्ट्रपति जो बाइडेन के घर से फिर मिले गोपनीय दस्तावेज, वकील ने दी जानकारी
बोलुआर्टे के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं प्रदर्शनकारी
पेरू में राष्ट्रपति पेड्रो कैस्टिलो को संसद में महाभियोग चलाकर उनके पद से हटा दिया गया था। उनकी जगह पर उपराष्ट्रपति डीना बोलुआर्टे को देश का नया राष्ट्रपति बनाया गया। इसके बाद पेड्रो को हिरासत में भी ले लिया गया। इसको लेकर पूर्व राष्ट्रपति के समर्थक उग्र हो गए। उन्होंने सड़कों पर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रदर्शनकारी बोलुआर्टे के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। इसके साथ, वे यह भी चाहते हैं कि संसद भंग हो और नए चुनाव हों। इस हिंसा प्रदर्शन के चलते अब तक 55 से अधिक लोगों की मौत हो गई है। पुलिस हर तरह से इसे रोकने में जुटी है। संघर्ष के दौरान दक्षिण क्षेत्र में एक पुलिसकर्मी की मौत भी हो गई है।
पर्यटन का नुकसान
कस्को (जहां माचू पिच्चू स्थित है) में हालात ज्यादा खराब रहे हैं। जिससे पर्यटन राजस्व का बड़ा नुकसान हुआ है। प्रदर्शनकारियों के हमले के बाद इस सप्ताह कस्को हवाई अड्डे को भी कुछ समय के लिए बंद कर दिया गया था। वहीं, पटरियों के क्षतिग्रस्त होने के कारण माचू पिच्चू के लिए ट्रेन सेवा भी 19 जनवरी से बंद है।
पर्यटन मंत्री ने बताया कि कुछ फंसे हुए पर्यटकों ने बाहर निकालने के लिए नजदीकी गांव पिस्काकुचो तक पैदल जाने का विकल्प चुना है। लेकिन इसमें छह, सात घंटे या उससे अधिक समय लग रहे हैं। कुछ ही लोग ऐसा करने में सक्षम हैं। संस्कृति मंत्रालय ने कहा कि जिन पर्यटकों ने ऐसे समय में माचू पिच्चू के लिए पहले ही टिकट खरीद लिए थे, उनका पूरा पैसा वापस किया जाएगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।