'सारे डॉक्यूमेंट थे, फिर भी वापस भेज दिया', पाकिस्तानी नागरिक को जॉर्जिया में नहीं मिली एंट्री; प्रताड़ित करने का लगाया आरोप
एक पाकिस्तानी नागरिक ने सोशल मीडिया पर जॉर्जिया की यात्रा को लेकर चेतावनी जारी की है। उसने बताया कि यूएई का रेजिडेंस परमिट होने के बावजूद उसे कुटैसी एयरपोर्ट पर प्रवेश नहीं दिया गया। अधिकारियों ने पाकिस्तानी नागरिक होने के कारण उसे हिरासत में लिया और 12 घंटे तक जेल जैसे कमरे में रखा।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पाकिस्तान के एक नागरिक को जॉर्जिया में घुसने नहीं देने का मामला सामने आया है। पाकिस्तानी शख्स ने खुद सोशल मीडिया साइट रेडिट पर पोस्ट कर इसके बारे में जानकारी दी है। उसने लोगों को चेतावनी देते हुए लिखा कि अगर आप पाकिस्तानी हैं, तो कभी जॉर्जिया मत जाना।
शख्स ने बताया कि वह अबू धाबी में रहकर काम करता है और उसके पास यूएई का रेजिडेंस परमिट भी हैं। उसने रिटर्न फ्लाइट, होटल और कार रेंटल की प्री बुकिंग की हुई थी और ट्रैवल इंश्योरेंस भी ले रखा था। उसने कहा कि सिर्फ उसके पैसे बर्बाद नहीं हुए, बल्कि मानसिक प्रताड़ना भी मिली है।
यूएई के नागरिकों की वीजा फ्री एंट्री
दरअसल जॉर्जिया में यूएई के नागरिकों को वीजा फ्री एंट्री मिलती है। इसके अलावा जॉर्जिया यूएई के वीजा होल्डर और रेजिडेंस परमिट रखने वाले लोगों को भी 90 दिनों के लिए स्टे करने की अनुमित देता है। लेकिन शख्स ने बताया कि जैसे ही अधिकारियों ने पाकिस्तान का नाम सुना, उन्हें देश में घुसने की इजाजत ही नहीं दी।
शख्स ने लिखा, 'मैं और मेरा दोस्त अबु धाबी से फ्लाइट लेकर जॉर्जिया के कुटैसी एयरपोर्ट पर पहुंचे। एयरपोर्ट पर हमसे पूछा गया कि आप कहां से हैं। मैंने उन्हें बताया कि हम पाकिस्तानी नागरिक हैं और यूएई के रेजिडेंस हैं। लेकिन अधिकारियों ने जैसे ही पाकिस्तान का नाम सुना, वो भड़क गए।'
पाकिस्तान का नाम सुनकर रोका
- उसने लिखा, 'हमें तुरंत किनारे आने को कहा गया। हमारे पासपोर्ट छीन लिए और हमारी फोटो खींचने लगे। मुझे और मेरे दोस्त को एक जेल जैसे कमरे में ले जाया गया और वहां न हमें खाने को मिला, न पानी पीने को। टॉयलेट भी बहुत गंदा था। तभी एक महिला आई और उसने कहा कि आप जॉर्जिया में प्रवेश नहीं कर सकते। मैंने वजह पूछी, तो उन्होंने जवाब देने से मना कर दिया।'
- शख्स ने बताया कि जब उसने अपने फोन से यूएई एंबेसी को कॉल करने की कोशिश की, तो उसका फोन छीनने की कोशिश की गई। शख्स ने कहा कि वह अबू धाबी में एक सीनियर पोजिशन पर हैं और उसका ट्रैवल रिकॉर्ड भी बहुत अच्छा है। उसके खिलाफ कोई क्रिमिनल केस भी नहीं है। उसने बताया कि उन दोनों को उसी कमरे में करीब 12 घंटे तक रखा गया।
- उसने जॉर्जिया के अधिकारियों को असभ्य बताकर उन पर नस्लभेद करने का आरोप लगाया। उसकी यह पोस्ट तुरंत वायरल हो गई और लोगों ने इस पर अलग-अलग कमेंट किए। एक शख्स ने लिखा कि मैं नाइजीरिया से हूं और मेरे साथ भी जॉर्जिया में ऐसा ही हुआ था।
यह भी पढ़ें: India e-Passport क्या है? इसके लिए कैसे करें अप्लाई; देखें स्टेप बाय स्टेप प्रोसेस
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।