Nigeria Flood: नाइजीरिया में बाढ़ का कहर, अब तक 117 लोगों की मौत; बड़ी संख्या में लोग लापता
नाइजीरिया के नाइजर राज्य में बाढ़ से भारी तबाही हुई है। मोक्वा कस्बे में आई बाढ़ के कारण 117 लोगों की मौत हो गई है और कई लोग लापता हैं। भारी बारिश और बांध टूटने से स्थिति और गंभीर हो गई है। बचाव कार्य जारी है लेकिन कई लोग अभी भी खतरे में हैं।

एजेंसी, अबुजा। नाइजीरिया में इस समय बाढ़ का कहर देखने को मिल रहा है। नाइजीरिया के नाइजर राज्य के बाजार कस्बे मोक्वा में आई बाढ़ के कारण अब तक 117 लोगों की जान गई है। वहीं, बड़ी संख्या में लोग लापता हैं। नाइजर राज्य की राजधानी मिन्ना में परिचालन कार्यालय के प्रमुख हुसैनी ईसा ने कहा कि कई लोग अभी भी खतरे में हैं, शुक्रवार को बचाव कार्य जारी है।
प्रारंभिक रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि नाइजर में आई बाढ़ के कारण 88 लोगों की मौत हुई हैं। हालांकि, ताजा रिपोर्ट्स के अनुसार, अभी तक इस बाढ़ के कारण कुल 117 लोगों की जान गई है।
भारी बारिश के कारण बाढ़
बता दें कि कई घंटों की लगातार बारिश के कारण नाइजर में बाढ़ आ गई। इस बाढ़ ने बुरी तरीके से जनजीवन को प्रभावित किया है। स्थानीय रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक शहर में एक बांध के टूटने से स्थिति और खराब हो गई। गत सितंबर में भी इसी प्रकार की बाढ़ का सामना करना पड़ा था। उस दौरान तीस लोगों की जान गई थी। वहीं, बाढ़ के कारण लाखों लोगों को विस्थापित होना पड़ा था।
नाइजीरिया में बाढ़ के कारण लाखों लोग प्रभावित
गौरतलब है कि नाइजीरिया को अक्सर मौसमी बाढ़ का सामना करना पड़ता है। विशेष रूप से नाइजर और बेन्यू नदियों के किनारे के समुदायों पर इसका असर पड़ता है। वर्तमान में आई बाढ़ में बड़ी संख्या में लोगों के लापता होने की भी खबर सामने आई है। बाढ़ के कारण राज्य के दो समुदायों में करीब 50 घर जलमग्न हो गए हैं। (इनपुट एपी एवं रायटर्स के साथ)
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।