रोम, (इटली) एजेंसी। यूरोपीय देश इटली में इन दिनों समलैंगिक कपल्स पर सुनाए गए फैसले को लेकर सरकार का जमकर विरोध हो रहा है। इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी ने एक आदेश जारी किया है, जिसके तहत समलैंगिक कपल्स के बच्चों के बर्थ रजिस्ट्रेशन पर रोक लगा दी गई है। इस आदेश ने समान लिंग वाले माता-पिता के अधिकारों को प्रतिबंधित कर दिया है।

इटली में विरोध

सरकार के इस फैसले के बाद से इटली में LGBT समुदाय बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन कर रहा है। समलैंगिकों के अधिकारों को लेकर मिलान में सैकड़ों लोग सड़कों पर उतर आए हैं। प्रदर्शनकारियों ने सरकार के फैसले पर अपना गुस्सा प्रदर्शित करने के लिए शहर भर में LGBT झंडे भी लहराए।

समलैंगिक कपल्स को बच्चे गोद लेने की थी अनुमति

बता दें कि इटली के कुछ अदालतों ने समलैंगिक कपल्स को एक-दूसरे के बच्चों को गोद लेने की अनुमति देने के पक्ष में फैसला सुनाया था। इसके अलावा, मिलान ने समलैंगिक जोड़ों के लिए सेरोगेट बच्चों के रजिस्ट्रेशन को मान्यता दी थी। 2016 में समान-लिंग संघों को वैध करने के बावजूद, कैथोलिक चर्च की आपत्तियों के कारण इटली ने समलैंगिक जोड़ों को गोद लेने की अनुमति देने से परहेज कर दिया है। प्रदर्शनकारियों ने इस कदम को अन्यायपूर्ण बताया और झंडे और तख्तियां लहराते हुए पूरे मिलान में प्रदर्शन किया।

LGBT समुदाय की विरोधी जियोर्जिया मेलोनी

बता दें कि प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी पारंपरिक क्रिश्चन रीति-रिवाजों के संरक्षक के रूप में सत्ता में आई थीं। उन्होंने LGBT समुदाय की जमकर निंदा भी की थी। केंद्र-वाम डेमोक्रेटिक पार्टी के हाल ही में चुने गए प्रमुख एली श्लेन भी विरोध प्रदर्शन में मौजूद रहे। ये विपक्षी राजनेताओं में से एक है, जिन्होंने कई प्रदर्शनकारियों के साथ मिलकर प्रशासन पर अपना गुस्सा निकाला है।

Edited By: Nidhi Avinash