यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 09, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
India-Bangladesh Ties: क्या चीन से पहले भारत आएंगी PM शेख हसीना? बांग्लादेशी विदेश मंत्री ने दिया ये अपडेट
भारत ने बांग्लादेश में सीमा पार तीस्ता नदी पर एक जलाशय निर्माण के लिए अपने समर्थन की पेशकश की है। ...और पढ़ें

HighLights
- भारत ने तीस्ता पर जलाशय निर्माण के लिए समर्थन की पेशकश की
- बांग्लादेश के विदेश मंत्री ने कहा, नई दिल्ली की निकटता चीन से अधिक
पीटीआई, ढाका। भारत ने बांग्लादेश में सीमा पार तीस्ता नदी पर एक जलाशय निर्माण के लिए अपने समर्थन की पेशकश की है। बांग्लादेश के विदेश मंत्री हसन महमूद ने गुरुवार को विदेश सचिव विनय मोहन क्वात्रा से मुलाकात के बाद पत्रकारों के सामने यह बात कही।
भारत करना चाहता है वित्तपोषणः बांग्लादेशी विदेश मंत्री
क्वात्रा से मुलाकात के बाद महमूद ने कहा कि आप जानते हैं कि हमने तीस्ता पर एक बड़ी परियोजना शुरू की है। भारत उसका वित्तपोषण करना चाहता है। उन्होंने कहा कि परियोजना हमारी जरूरतों के अनुरूप होनी चाहिए।
भारत आ सकती हैं बांग्लादेश की प्रधानमंत्री
यह पूछे जाने पर कि क्या बांग्लादेश की प्रधानमंत्री पहले नई दिल्ली जाएंगी, क्योंकि शेख हसीना को चीन भी जाना था, हसन ने कहा कि नई दिल्ली की निकटता बीजिंग से अधिक है और चीन जाने से पहले उनके भारत जाने की संभावना है। भारत में चुनाव चल रहे हैं। जब नई सरकार बनेगी, तब यात्रा की तारीख तय की जाएगी।
पीएम शेख हसीना से मिले विदेश सचिव क्वात्रा
भारत के विदेश सचिव विनय क्वात्रा ने गुरुवार को यहां बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना और अन्य शीर्ष नेताओं से भी मुलाकात की। इस दौरान सुरक्षा, जल, व्यापार और निवेश, बिजली और ऊर्जा, रक्षा, कनेक्टिविटी और उप-क्षेत्रीय सहयोग जैसे क्षेत्रों सहित ढाका के साथ नई दिल्ली के मजबूत द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा की।
