फ्रांस में मुस्लिम विरोधी माहौल को भड़काने की साजिश, पेरिस में मस्जिदों के बाहर मिले सुअरों के सिर
फ्रांस की राजधानी में नौ मस्जिदों के बाहर सुअरों के सिर मिलने से तनाव बढ़ गया है कुछ पर राष्ट्रपति मैक्रों का नाम लिखा था। अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है और मुस्लिम समुदाय को सुरक्षा का आश्वासन दिया है। देश में मुस्लिम विरोधी माहौल बढ़ने की खबरों के बीच आंतरिक मंत्री ने अशांति के पीछे बाहरी ताकतों का हाथ होने की आशंका जताई है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। फ्रांस की राजधानी और आसपास की नौ मस्जिदों के बाहर सुअरों के सिर पाए गए हैं, जिनमें से पांच पर फ्रेंच राष्ट्रपति इमैन्युएल मैक्रों के नाम लिखे हुए थे। प्राधिकारी ये नहीं बता पाए कि इसके पीछे कौन है, लेकिन उन्होंने देश में मुस्लिमों को पूरी सुरक्षा मुहैया कराने का वादा किया है।
बता दें कि फ्रांस में मुस्लिम विरोधी माहौल तेजी से पांव पसार रहा है। फ्रांस में 60 लाख मुसलमान रहते हैं, जिसे यूरोप की सबसे बड़ी मुस्लिम आबादी बताया जाता है।
वित्तीय और राजनीतिक संकट से जूझ रहा फ्रांस
देश के आंतरिक मंत्री ब्रूनो रिटैलियू ने वित्तीय और राजनीतिक संकट से जूझ रहे देश में अशांति फैलाने के पीछे बाहरी ताकतों की दखलंदाजी से इनकार नहीं किया है। उन्होंने ज्यादा जानकारी नहीं दी, लेकिन उनका इशारा रूस की तरफ था, जो पहले भी अशांति के बीज बो चुका है।
मई में सिनेगाग और होलोकास्ट मेमोरियल पर हरा रंग लगाने के आरोप में तीन सर्बियाई नागरिक पकड़े गए थे। पेरिस की एक मस्जिद के अध्यक्ष अलीम बुराही ने कहा कि ऐसे मामले सामने आना विनाशकारी और निराशाजनक है।
फ्रांस में नस्लभेद तेजी से बढ़ रहा है- रिपोर्ट
बता दें कि फ्रांस के मानवाधिकार आयोग की रिपोर्ट है कि देश में नस्लभेद तेजी से बढ़ा रहा है। आंतरिक मंत्रालय के मुताबिक इस साल जनवरी से जून के बीच मुस्लिम विरोधी 181 घटनाएं दर्ज की गई हैं। ये 2024 के मुकाबले 81 प्रतिशत ज्यादा बताई गई हैं।
(समाचार एजेंसी रॉयटर्स के इनपुट के साथ)
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।