Iran Protest: यूरोपीय संघ का ईरान के खिलाफ एक्शन, 29 व्यक्तियों समेत तीन संगठनों पर लगाए नए प्रतिबंध
ईयू ने महसा अमिनी की मौत के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों के खिलाफ बल के इस्तेमाल को लेकर ईरान पर अतिरिक्त प्रतिबंध लगाए हैं। जोसेफ बोरेल ने सोमवार को एक बयान में कहा कि हम ईरानी प्रदर्शनकारियों के दमन के लिए जिम्मेदार लोगों पर अतिरिक्त प्रतिबंध लगा रहे हैं।

ब्रसेल्स, एजेंसी। यूरोपीय संघ (EU) ने महसा अमीनी की मौत को लेकर विरोध करने वालों के खिलाफ ईरान द्वारा उठाए जा रहे कदमों को लेकर नाराजगी जताई है। साथ ही यूरोपीय संघ (EU) ने ईरान के 29 व्यक्तियों और तीन संगठनों पर अतिरिक्त प्रतिबंध भी लगाए हैं।
ईरानी लोगों के साथ खड़ा है यूरोपीय संघ
यूरोपीय संघ ने कहा कि हम प्रदर्शनकारियों की अस्वीकार्य हिंसक कार्रवाई की कड़ी निंदा करते है। हम ईरानी लोगों के साथ खड़े हैं और शांतिपूर्ण तरीके से विरोध करने, उनकी मांगों और विचारों को स्वतंत्र रूप से बोलने के उनके अधिकार का समर्थन करते हैं। संयुक्त राष्ट्र के विदेश नीति प्रमुख जोसेफ बोरेल ने सोमवार को एक बयान में कहा कि हम ईरानी प्रदर्शनकारियों के दमन के लिए जिम्मेदार लोगों पर अतिरिक्त प्रतिबंध लगा रहे हैं।
यूरोपीय संघ का ईरान के खिलाफ एक्शन
यूरोपीय संघ द्वारा आज लगाए गए प्रतिबंधों में यात्रा प्रतिबंध शामिल हैं। इसके अलावा, यूरोपीय संघ ने प्रतिबंधित नागरिकों और कंपनियों को धन उपलब्ध कराने से मना किया है। ईरान के मानवाधिकार प्रतिबंधों में ईरान के उन उपकरणों के निर्यात पर प्रतिबंध भी शामिल है, जिनका इस्तेमाल प्रदर्शनकारियों के खिलाफ किया जा सकता है। वर्तमान में ईरान मानवाधिकार प्रतिबंधों के संदर्भ में यूरोपीय संघ के प्रतिबंधात्मक उपायों के तहत अब कुल 126 व्यक्तियों और 11 संस्थाओं को शामिल किया गया है।
महसा अमीनी की मौत के बाद ईरान में तेज हुआ प्रदर्शन
बता दें कि 22 वर्षीय ईरानी महिला महसा अमीनी की मौत के बाद पूरे ईरान में उग्र विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए थे, जिसमें सैकड़ों लोग मारे गए हैं। यूरोपीय संघ ने पहले ही महसा अमीनी की मौत के लिए जिम्मेदार माने जाने वाले लोगों के खिलाफ प्रतिबंध जारी कर दिए थे। सोमवार को यूरोपीय संघ ने नए प्रतिबंधों की घोषणा की है, जिसमें 29 ईरानी व्यक्तियों और तीन संस्थाओं पर यात्रा प्रतिबंध लगाया गया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।