विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 20, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

दक्षिण कोरिया में कोरोना से पहली मौत, 31 नए मामले सामने आए, ईरान में दो की संक्रमण से गई जान

By Krishna Bihari SinghEdited By:
Published: Thu, 20 Feb 2020 03:40 PM (IST)

दक्षिण कोरिया में कोरोना वायरस से पहली मौत हुई है जबकि ईरान में दो लोगों ने इससे जान गंवाई है। ...और पढ़ें

दक्षिण कोरिया में कोरोना से पहली मौत, 31 नए मामले सामने आए, ईरान में दो की संक्रमण से गई जान
दक्षिण कोरिया में कोरोना से पहली मौत, 31 नए मामले सामने आए, ईरान में दो की संक्रमण से गई जान

सीओल/तेहरान, एजेंसियां। दक्षिण कोरिया ने देश में कोरोना वायरस से पहली मौत की पुष्टि की है। इस बीच बृहस्‍पतिवार को देश में कोरोना वायरस से संक्रमण के 31 नए मामले सामने आए। समाचार एजेंसी रॉयटर ने दक्षिण कोरियाई सेंटर्स फॉर ड‍िजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (KCDC) के हवाले से बताया है कि इन नए मामलों के साथ ही दक्षिण कोरिया में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्‍या 82 हो गई है। अधिकांश नए मामले देगू (Daegu) शहर से रिपोर्ट किए गए हैं।

समाचार एजेंसी एएफपी के मुताबिक, दक्षिण कोरिया के शहर देगू में कोरोना वायरस के 39 मामले सामने आ चुके हैं जिनका संबंध एक ऐतिहासिक चर्च शिन्चेओनजी चर्च ऑफ जीसस से बताया जा रहा है। रिपोर्ट में कहा गया है कि देश के आधे से ज्यादा मामलों का संपर्क 61 वर्षीय महिला से जुड़े हैं। बीते 10 फरवरी को महिला को बुखार आया था लेकिन उसने कोरोना वायरस की जांच कराने से इनकार कर दिया।

महि‍ला ने कहा था कि उसने हाल में विदेश की यात्रा नहीं की है। बताया जाता है कि महिला को कोरोना वायरस होने की पुष्टि होने से पहले उसने कम से कम चार बार चर्च की प्रार्थना सभा में हिस्सा लिया था। रिपोर्टों के मुताबिक, अब तक चर्च के 37 अन्य लोगों को कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। चर्च के कुल 1,001 सदस्य हैं जिन्‍हें अलग रहने को कहा गया है। इन लोगों में से 90 फीसदी में कोरोना वायरस के लक्षण देखे जा सकते हैं।

दूसरी ओर समाचार एजेंसी रॉयटर के मुताबिक, ईरान में कोरोना वायरस के संक्रमण से बुधवार को दो लोगों की मौत हो गई। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से साझा की गई जानकारी के मुताबिक, कोरोना वायरस ईरानी राजधानी के दक्षिण में स्थित कोम शहर में दो बुजुर्गों में पाया गया था। समाचार एजेंसी ISNA ने ईरान के स्‍वस्‍थ्‍य अधिकारियों के हवाले से बताया है कि कोरोना से संक्रमण के तीन नए मामले सामने आए हैं। इन तीनों मरीजों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है। 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।