Bermuda Triangle में क्यों डूब जाते हैं जहाज? इस साइंटिस्ट ने रहस्य से उठा दिया पर्दा
Bermuda Triangle Mystery 7 अगस्त 2025 को ग्रेगरी वॉन और किम वॉर्नर का विमान बास स्ट्रेट में लापता हो गया जिससे इस क्षेत्र के रहस्य और गहरा गए। बरमूडा ट्रायंगल और बास स्ट्रेट ट्रायंगल जैसे इलाकों में जहाजों के गायब होने की घटनाओं के पीछे वैज्ञानिक मौसम इंसानी गलतियों और आंकड़ों को मुख्य वजह बताते हैं।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। 7 अगस्त 2025 को जब 72 साल के ग्रेगरी वॉन और 66 साल की किम वॉर्नर तस्मानिया के जॉर्ज टाउन से न्यू साउथ वेल्स के हिल्सटन के लिए एक छोटे से हवाई जहाज में उड़े, तो किसी को नहीं पता था कि ये सफर एक नया रहस्य बन जाएगा। उनका जहाज कभी मंजिल तक नहीं पहुंचा और बास स्ट्रेट (Bass Strait) के इस खतरनाक समंदर ने एक बार फिर अपनी रहस्यमयी चुप्पी से सबको हैरान कर दिया।
बरसों से बरमूडा ट्रायंगल और बास स्ट्रेट ट्रायंगल जैसे इलाकों में जहाजों और हवाई जहाजों के गायब होने की कहानियां सुनाई जाती हैं। लेकिन अब एक ऑस्ट्रेलियाई साइंटिस्ट ने दावा किया है कि ये रहस्य कोई जादू-टोना नहीं, बल्कि मौसम, इंसानी गलती और आंकड़ों का खेल है।
बरमूडा ट्रायंगल फ्लोरिडा, बरमूडा और ग्रेटर एंटिल्स के बीच का इलाका है। इस इलाके में पिछले सौ साल में 50 से ज्यादा जहाज और 20 हवाई जहाज गायब हो चुके हैं। लोग इसे समुद्री राक्षसों, एलियंस या गुमशुदा अटलांटिस शहर से जोड़ते रहे हैं।
लेकिन ऑस्ट्रेलियाई साइंटिस्ट कार्ल क्रुस्जेलनिकी कहते हैं कि ये सब कहानियां हकीकत से कोसों दूर हैं। उनके मुताबिक, इन इलाकों में जहाजों और हवाई जहाजों की भारी आवाजाही, खराब मौसम और नेविगेशन की गलतियां ही इन हादसों की वजह हैं।
तो फिर क्या है बरमूडा ट्रायंगल का रहस्य?
अमेरिका की नेशनल ओशनिक एंड एटमॉस्फेरिक एडमिनिस्ट्रेशन (NOAA) ने 2010 में साफ कहा था, "बरमूडा ट्रायंगल में कोई रहस्यमयी गायब होने की घटनाएं नहीं होतीं, जितनी किसी और व्यस्त समुद्री इलाके में होती हैं।"
लॉयड्स ऑफ लंदन और यूएस कोस्ट गार्ड भी इस बात से इत्तेफाक रखते हैं। क्रुस्जेलनिकी 2017 से यही बात कह रहे हैं कि भारी ट्रैफिक और मुश्किल नेविगेशन की वजह से हादसों की तादाद इतनी है। NOAA के मुताबिक, गल्फ स्ट्रीम में अचानक मौसम बदलना, कैरेबियाई टापुओं का जटिल जाल और चुंबकीय गड़बड़ियां जो कंपास को गुमराह करती हैं, ये सब मिलकर हादसों की वजह बनते हैं।
मशहूर 1945 का फ्लाइट 19 का हादसा को भी खराब मौसम और नेविगेशन की गलतियों से जोड़ा जाता है। इस हादसे में अमेरिकी नेवी के पांच बॉम्बर गायब हो गए थे।
बास स्ट्रेट ट्रायंगल की गुत्थी
बास स्ट्रेट ट्रायंगल ऑस्ट्रेलिया और तस्मानिया के बीच का समुद्री इलाका है। ये भी कम रहस्यमयी इलाका नहीं है। यहां की सबसे मशहूर घटना 1978 की है, जब 20 साल के पायलट फ्रेडरिक वैलेंटिक अपने सेसना 182L जहाज में उड़ान भरते वक्त गायब हो गए।
उन्होंने रेडियो पर बताया कि उनके ऊपर एक “अजीब, धातु जैसा ऑब्जेक्ट” मंडरा रहा था, फिर उनका संपर्क टूट गया। न उनका जहाज मिला, न वो। 1973 में MV ब्लाइथ स्टार नाम का जहाज भी इसी इलाके में बिना कोई निशान छोड़े गायब हो गया था, हालांकि बाद में इसके कुछ टुकड़े मिले।
इसके अलावा, 1797 में स्लूप एलिजा, 1838-40 के बीच सात जहाज, 1858 में ब्रिटिश युद्धपोत HMS सैफो, 1901 में SS फेडरल, और 1906 में SS फर्डिनेंड फिशर जैसे कई जहाज बिना कोई सुराग छोड़े गायब हुए।
1920 में दो जहाजों और एक सैन्य विमान के गायब होने की घटना ने भी इस इलाके को और रहस्यमयी बना दिया। 1934 और 1935 में दो हवाई जहाज क्रैश हुए, जिनके मलबे का कुछ हिस्सा ही मिला। WWII के दौरान कई RAAF ब्रिस्टल ब्यूफोर्ट बॉम्बर भी ट्रेनिंग के वक्त गायब हुए। 1972 में पर्यावरण कार्यकर्ता ब्रेंडा हीन और मैक्स प्राइस का टाइगर मॉथ विमान भी गायब हो गया, जिसमें तोड़फोड़ की आशंका जताई गई, लेकिन कुछ साबित नहीं हुआ।
हाल ही में ग्रेगरी वॉन और किम वॉर्नर बास स्ट्रेट में गायब हो गए।
कुदरती आफतें या इंसानी चूक?
एक्सपर्ट्स का कहना है कि बास स्ट्रेट में तेजी से बदलने वाला मौसम, उथले पानी और फ्लिंडर्स व किंग आइलैंड्स के पास हवा के अचानक झोंके इन हादसों की बड़ी वजह हैं।
1979 में यॉट चार्ल्सटन का सिडनी-होबार्ट रेस के लिए जाते वक्त गायब होना भी ऐसी ही कुदरती मुश्किलों से जोड़ा जाता है। ताजा मामला ग्रेगरी वॉन और किम वॉर्नर का है, जिनका हवाई जहाज 7 अगस्त 2025 को गायब हो गया। पुलिस को कोई गड़बड़ी का सबूत नहीं मिला, लेकिन बास स्ट्रेट का बेकाबू मौसम तलाशी में सबसे बड़ी रुकावट बना हुआ है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।