बाढ़ में बह गया नेपाल-चीन को जोड़ने वाला बॉर्डर ब्रिज, 6 चीनी नागरिकों समेत 18 लोग लापता
नेपाल-चीन को जोड़ने वाला फ्रेंडशिप ब्रिज बाढ़ में बह गया जिससे 18 लोग लापता हैं। चीन में मानसूनी बारिश के कारण नेपाल की भोटेकोशी नदी में बाढ़ आई। रसुवा जिले में स्थित मितेरी पुल सुबह करीब 315 बजे बह गया। नेपाल सेना और पुलिस ने 11 लोगों को बचाया। बाढ़ से भारी नुकसान हुआ है कई घर और वाहन बह गए।

पीटीआई, काठमांडू। मानसून की बारिश से आई बाढ़ में नेपाल-चीन को जोड़ने वाला फ्रेंडशिप ब्रिज मंगलवार (08 जुलाई, 2025) को बह गया। इससे कम से कम 18 लोग लापता हो गए। चीन में लगातार हो रही मानसूनी बारिश की वजह से सोमवार रात नेपाल में भोटेकोशी नदी में बाढ़ आ गई।
काठमांडू से 120 किलोमीटर उत्तर पूर्व में रसुवा जिले में स्थित मितेरी पुल मंगलवार सुबह करीब 3:15 बजे बाढ़ में बह गया। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि छह चीनी नागरिकों सहित 18 लोग लापता हो गए हैं। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन के मुताबिक, नेपाल सेना, सशस्त्र पुलिस बल और नेपाल पुलिस की संयुक्त टीम ने दो पुलिसकर्मियों समेत 11 लोगों को बचा लिया है।
बाढ़ से हुआ भारी नुकसान
रसुवा के मुख्य जिला अधिकारी अर्जुन पौडेल ने बताया कि बाढ़ से भारी नुकसान हुआ है। अधिकारियों ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित इलाकों में जाने की सलाह दी है। बाढ़ में कई घर और चीन से आयातित पांच इलेक्ट्रिक वाहन भी बह गए। इस बीच, पुलिस ने मंगलवार सुबह धाडिंग जिले के गजुरी में त्रिशूली नदी से दो शव बरामद किए। उनकी पहचान नहीं हो सकी है।
लोगों को सुरक्षित इलाकों में रहने की सलाह
नेपाल सेना की बचाव टीम ने एक चीनी नागरिक सहित 23 मजदूरों को भी बचाया है, जो भारी बारिश के बाद आई बाढ़ के कारण रसुवागढ़ी जलविद्युत परियोजना में फंसे हुए थे। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, बाढ़ के कारण जलविद्युत संयंत्र भी आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।