ईरान के कोर्ट पर गोली और ग्रेनेड से जोरदार हमला, 9 की मौत; जानें क्या है पाकिस्तानी कनेक्शन
ईरान के सिस्तान और बलूचिस्तान प्रांत की राजधानी जाहेदान में एक कोर्ट बिल्डिंग पर अज्ञात हमलावरों ने गोलीबारी और ग्रेनेड से हमला किया जिसमें एक बच्चे सहित 9 लोगों की मौत हो गई और 20 घायल हो गए। ईरानी सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई में तीन हमलावरों को मार गिराया। जैश अल-अदल नामक आतंकवादी संगठन पर हमले का आरोप है जो इस क्षेत्र को अलग करना चाहता है।

एपी, दुबई। ईरान के एक कोर्ट की बिल्डिंग पर अज्ञात हमलावरों ने गोलीबारी और ग्रेनेड से हमला किया। यह हमला सिस्तान और बलूचिस्तान प्रांत की राजधानी जाहेदान में हुआ। इस हमले में 9 लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक बच्चा भी शामिल है। हमले में 20 लोग घायल भी हुए हैं।
अज्ञात हमलावरों द्वारा कोर्ट बिल्डिंग पर हमला करने के बाद तुरंत मौके पर पहुंचकर ईरानी सुरक्षाबलों ने स्थिति को काबू में लिया। रिपोर्ट के मुताबिक, सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई में तीन हमलावरों को मार गिराया है। अभी तक मारे गए या घायल लोगों की पहचान नहीं हो सकी है।
हमले के पीछे किसका हाथ?
सेमी-ऑफिशियल समाचार एजेंसी तस्नीम ने इस हमले के पीछे 'जैश अल-अदल' नाम के आतंकवादी संगठन का हाथ बताया है। यह संगठन ईरान के सिस्तान और पाकिस्तान के बलूचिस्तान क्षेत्र को अलग-अलग करना चाहता है।
सिस्तान और बलूचिस्तान प्रांत अफगानिस्तान और पाकिस्तान की सीमा से सटा हुआ है और वहां पहले भी कई बार हिंसक घटनाएं हो चुकी हैं। इस इलाके में सुरक्षाबलों, मादक पदार्थ तस्करों और आतंकी संगठनों के बीच झड़पें होती रहती है।
इस इलाके में रहते हैं सुन्नी मुसलमान
यह क्षेत्र ईरान के सबसे पिछड़े इलाकों में गिना जाता है और यहां के ज्यादातर लोग सुन्नी मुसलमान हैं। जबकि, ईरान में शासन शिया धर्मगुरुओं के हाथ में है। इसी वजह से सरकार और स्थानीय लोगों के तनाव बना रहता है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।