'पुरुषों से दोस्ती नहीं... पासवर्ड भी होगा बताना', रईस पति के सख्त नियम; दुबई की महिला का खुलासा
दुबई में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी के लिए खास नियम बनाए हैं। पति के सख्त नियमों को पत्नी ने खुद सोशल मीडिया पर साझा किया। 26 वर्षीय महिला के पोस्ट पर कई लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया दी तो वहीं कुछ लोगों ने हैरानी जताई है। महिला की शादी तीन साल पहले हुई है। वह आठ साल पहले अपने पति से एक विश्वविद्यालय में पढ़ाई के दौरान मिली थी।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दुबई की एक महिला ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया। उसके बाद उसने अपने पति के कठोर नियमों का भी खुलासा किया। मगर अब उसके वीडियो पर लोग मिली-जुली प्रतिक्रिया दे रहे हैं। इस महिला का नाम सौदी अल नादक है।
सौदी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर हैं। वे हमेशा अपनी शानदार जीवनशैली की फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करती हैं। 26 वर्षीय सौदी का पति करोड़पति है। उसने अपनी पत्नी के लिए कई नियमों को निर्धारित कर रखा है।
आठ साल पहले मुलाकात... तीन साल पहले की शादी
महिला ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया। उसने कहा कि मेरे पति ने मेरे लिए सख्त नियम बनाए हैं। मैं उनकी राजकुमारी हूं। आप मुझे सौदीरेला कह सकते हैं। वीडियो पर लाखों लोगों ने अभी तक अपनी प्रतिक्रिया दी है। मगर कई यूजर्स उनके खुलासे से हैरान हैं। सौदी जब आठ साल की थी तब दुबई चली गई थीं। आठ साल पहले उनकी मुलाकात अपने पति जमाल अल नादक से हुई। यह मुलाकात एक विश्वविद्यालय में पढ़ते वक्त हुई थी। तीन साल पहले दोनों ने विवाह किया।
एक-दूसरे को बताते हैं पासवर्ड
महिला ने अपने पति की पसंद का जिक्र भी किया। उसने बताया कि उन्हें हमेशा बैग को जूतों के रंग से मैच कराना पसंद है। किसी को भी विपरीत लिंग के व्यक्ति से दोस्ती करने की अनुमति नहीं है। दोनों एक-दूसरे के पासवर्ड जानते हैं।
काम करने की अनुमति नहीं
महिला को पति ने काम करने की अनुमति भी नहीं दी है। सौदी ने इसकी वजह यह बताई कि पति उसके सभी खर्चों को वहन करता है। वह घर पर खाना भी नहीं बनाती है। पति-पत्नी दोनों बाहर खाना खाते हैं। उसे पुरुषों से दोस्ती नहीं करने की सलाह दी गई है। पत्नी हर दिन अपने बाल संवारे और मेकअप करे... ऐसी उम्मीद उसका पति करता है।
दौलत दिखाने पर ट्रोलिंग का शिकार
दुबई की यह महिला अक्सर सोशल मीडिया पर अपने वीडियो साझा करती है। सोशल मीडिया पर महिला की बेहतरीन जीवन शैली की चर्चा भी होती है। महिला अपने पति के साथ दुनिया के बेहतरीन स्थानों में घूमने जाती है। उन स्थानों की फोटो और वीडियो भी साझा करती है। महिला अक्सर शॉपिंग और शानदार कारों के माध्यम से अपनी दौलत की नुमाइश करती है। इस वजह से अक्सर उसे ट्रोलिंग का शिकार भी होना पड़ता है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।