जापान के पूर्व PM शिंजो आबे के अंतिम संस्कार के विरोध में शख्स ने खुद को लगाई आग, एक पुलिस अधिकारी भी झुलसा
Japan जापान के पूर्व पीएम शिंजो आबे का 27 सितंबर को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। इस अंतिम संस्कार के विरोध में एक शख्स ने खुद को आग लगा ली है। स्थानीय मीडिया ने इस बात की जानकारी दी है।

टोक्यो, एजेंसी। जापान की राजधानी टोक्यो में एक शख्स ने पूर्व पीएम शिंजो आबे (Former PM Shinzo Abe) के अंतिम संस्कार के विरोध में खुद को आग लगा ली। स्थानीय मीडिया ने बताया कि एक व्यक्ति ने पूर्व पीएम शिंजो आबे के अंतिम संस्कार का विरोध करने के लिए जापान के प्रधानमंत्री कार्यालय के पास सड़क पर खुद को आग लगाई है।
अंतिम संस्कार के विरोध में खुद को लगाई आग
जापानी टीवी असाही के मुताबिक, शख्स ने आग लगाने से पहले इसकी वजह भी बताई। उसने पुलिस को बताया कि वह पूर्व पीएम के अंतिम संस्कार के विरोध में खुद को आग लगा रहा है। जिसके बाद उसने खुद को आग लगा ली। वहीं, घटना के बाद मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारी ने आग बुझाने का भी प्रयास किया। लेकिन वह भी इस आग की चपेट में आ गया। जिसके बाद दोनों को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
जापानी टीवी असाही के अनुसार, घटना के बाद मेट्रोपॉलिटन पुलिस विभाग आसपास के क्षेत्र में लगे CCTV फुटेज को इकट्ठा कर पूरे मामले की जांच कर रहा है। बता दें कि आबे को 8 जुलाई को जापानी शहर नारा में उनके प्रचार भाषण के दौरान गोली मार दी गई थी।
27 सितंबर को होगा अंतिम संस्कार
स्थानीय मीडिया के अनुसार, जापानी सरकार ने 27 सितंबर को पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के राजकीय अंतिम संस्कार का समय निर्धारित किया है। उनके अंतिम संस्कार में दुनिया भर के देशों के राष्ट्रध्यक्ष भी शामिल होंगे। बता दें कि जापान के सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहे शिंजो आबे ने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए 2020 में पद छोड़ दिया। वह 2006 से 2007 और फिर 2012 से 2020 तक दो बार जापान के प्रधानमंत्री रहे थे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।