Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    चीन ने बनाया प्रकाश आधारित दुनिया का पहला क्वांटम कंप्यूटर

    By Monika MinalEdited By:
    Updated: Sat, 05 Dec 2020 04:10 PM (IST)

    क्वांटम तकनीक में महारत हासिल करने के लिए चीन ने हाल में ही भारी निवेश किया है। अब इसे प्रकाश आधारित दुनिया का पहला क्वांटम कंप्यूटर बनाने में सफलता मिली है। यह सबसे उन्नत सुपर कंप्यूटर की तुलना में 100 ट्रिलियन गुना तेजी से कुछ गणना कर सकता है।

    Hero Image
    दुनिया का पहला क्‍वांटम कंप्‍यूूटर चीन के नाम

    बीजिंग, प्रेट्र। चीन के वैज्ञानिकों ने दुनिया का पहला प्रकाश आधारित क्वांटम कंप्यूटर बनाने का दावा किया है। यह दुनिया के सबसे उन्नत सुपर कंप्यूटर की तुलना में 100 ट्रिलियन गुना तेजी से कुछ गणना करने में सक्षम है। सरकारी समाचार पत्र चाइना डेली ने जर्नल साइंस में प्रकाशित अध्ययन के हवाले से बताया कि क्वांटम कंप्यूटर (जिउझांग) ना केवल कंप्यूटिंग के क्षेत्र में मील का पत्थर है बल्कि क्वांटम गणना के लाभ को भी प्रदर्शित करता है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    चीनी मीडिया के अनुसार यहां के वैज्ञानिकों को मिलने वाली यह बड़ी सफलता है जिसकी मदद से ऐसी शक्तिशाली मशीन को बनाने के तरीके में मौलिक बदलाव आएगा। इस संबंध में जर्नल साइंस में प्रकाशित अनुसंधान पत्र के हवाले से सरकारी अखबार ‘चाइना डेली' ने बताया कि ‘जियूझांग' क्वांटम कंप्यूटर भरोसेमंद तरीके से 'क्वांटम अभिकलनात्‍मक श्रेष्ठता' (कंप्यूटेशनल एडवान्टेज) का प्रदर्शन कर सकता है जो कंप्यूटर क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि है।

    मैटीरियल साइंस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और चिकित्सा के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाने वाले क्वांटम कंप्यूटर ऐसे सिमुलेशन पर तेजी से चलते हैं जो पारंपरिक कंप्यूटरों के लिए असंभव है। क्वांटम कंप्यूटर का नाम प्राचीन चीनी गणितीय अध्याय से लिया गया है। यह कंप्यूटर 200 सेकेंड में गॉसियन बोसोन सैंपलिंग नामक एक अत्यंत गूढ़ गणना को हल कर सकता है। जबकि यही गणना करने में दुनिया के सबसे उन्नत सुपर कंप्यूटर 'फुगाकू' को 600 मिलियन वर्षो तक का समय लग सकता है।

    बता दें कि चीन ने हाल के वर्षो में क्वांटम तकनीक में महारत हासिल करने के लिए भारी निवेश किया है। चीनी विज्ञान अकादमी (सीएएस) ने कहा कि वर्ष 2017 में चीन ने क्वांटम कम्यूनिकेशन सेटेलाइट को हैक प्रूफ और अल्ट्रा हाई सिक्योरिटी फीचर्स के साथ लांच किया था। पिछले वर्ष यानि 2019 में गूगल ने 53 क्यूबिट क्वांटम कंप्यूटर के निर्माण का ऐलान किया था इसके बाद सुपर कंप्यूटर के क्षेत्र में यह दूसरी बड़ी उपलब्धि है।