इन उपायों से दूर होगी मेमोरी लॉस की समस्या, सर्दियों में साफ दिखते हैं लक्षण
अल्जाइमर से ग्रस्त और सामान्य दोनों तरह के लोगों में गर्मी की शुरुआत और खत्म होने के समय संज्ञात्मक कौशल अधिक होता है।
टोरंटो [प्रेट्र]। सर्दियों और बसंत में डिमेंशिया के लक्षण अधिक स्पष्ट दिखाई देते हैं। यह कहना है वैज्ञानिकों का, जिन्होंने अपने अध्ययन में पाया कि अल्जाइमर से ग्रस्त और सामान्य दोनों तरह के लोगों में गर्मी की शुरुआत और खत्म होने के समय संज्ञात्मक कौशल अधिक होता है। शोधकर्ताओं के मुताबिक, कुछ पुराने अध्ययन भी हैं जो बुजुर्गों में मौसम और संज्ञात्मक कौशल के बीच संबंध को बताते हैं।
प्लस मेडिसिन नामक जर्नल में प्रकाशित अध्ययन के मुताबिक, शोधकर्ताओं ने 3,353 लोगों की जांच की। इसमें कुछ प्रतिभागियों में प्रोटीन के स्तर और जींस का संबंध अल्जाइमर से मिला। कनाडा स्थित यूनिवर्सिटी ऑफ टोरंटो के शोधकर्ताओं ने पाया कि औसतन संज्ञात्मक कामकाज गर्मियों में अधिक होता है, जबकि सर्दियों और बसंत में इसमें गिरावट देखी जाती है।
शोधकर्ताओं का कहना है कि मौसम हमारे मस्तिष्क को प्रभावित करता है। इसका असर अवसाद, नींद, शारीरिक गतिविधियों आदि पर पड़ता है। इसी के कारण अल्जाइमर से संबंधित प्रोटीन और जींस में बदलाव देखने को मिलता है। शोधकर्ताओं का कहना है कि इस अध्ययन की मदद से डिमेंशिया के मरीजों का बेहतर उपचार तलाशने में मदद मिलेगी।
क्या है डिमेंशिया
डिमेंशिया से ग्रस्त व्यक्ति की याददाशत कमजोर हो जाती है। वे अपने दैनिक कार्य ठीक से नहीं कर पाते। कभी-कभी वे यह भी भूल जाते हैं कि वे किस शहर में हैं, या कौन सा साल या महीना चल रहा है। साल दर साल डिमेंशिया से ग्रस्त व्यक्ति की स्थिति अधिक खराब होती जाती है, और बाद की अवस्था में उन्हें साधारण से साधारण काम में भी परेशानी होने लगती है। जैसे कि चल पाना, बात करना या खाना ठीक से चबाना और निगलना। उपचार से मरीज को लाभ हो सकता है, लेकिन उसे पूरी तरह से ठीक नहीं किया जा सकता।
जानें डिमेंशिया के बढ़ने के स्टेज
डिमेंशिया बीमारी दिमाग के कुछ खास सेल्स नष्ट होने से होती है। इन सेल्स के नष्ट होने से दिमाग के भीतर के अन्य सेल्स आपस में संचार नहीं कर पाते, जिससे सोचने की शक्ति कम होती है, व्यवहार और अनुभूतियों में दिक्कत आती है। डिमेंशिया की स्टेज है भूलना। ऐसे लोग अक्सर काम करने के बीच में ही भूल जाते हैं कि वे क्या कर रहे थे। चीजों को रखकर भूल जाते हैं, लोगों के नाम भूल जाते हैं, समय-तारीख और कहां जा रहे हैं, ये तक भूलने लगते हैं।
डिमेंशिया की स्टेज में लक्षण थोड़े गंभीर होने लगते हैं। पीड़ित व्यक्ति रोज के रास्तों में ही खो जाते हैं, बोलने में दिक्कत आनी आरंभ होती है। पहले जो काम करने में मजा आता था, उसका अब उतना अधिक आनन्द नहीं ले पाते। इनका व्यवहार भी बदलने लगता है। डिमेंशिया की स्टेज में ऐसी स्थिति भी आ जाती है, जब इससे पीड़ित व्यक्ति रोज के काम नहीं कर पाता। वह अपने परिवार के लोगों को नहीं पहचान पाता, कोई बात उसकी समझ में नहीं आती। उसे किसी की सहायता की जरूरत पड़ती है।
डिमेंशिया के खतरे से बचाते हैं ये आहार
अपने भोजन में गेंहूं का खासतौर पर समावेश करें। यह न सिर्फ कोशिकाओं के निर्माण में सहायक है, बल्कि सेहत के लिए भी काफी अच्छा होता है। इसके आलावा बादाम, काजू और अखरोट एंटीऑक्सीडेंट और जरूरी फैटी एसिड से भरपूर होते है। मछली प्रोटीन और कैल्सियम से भरपूर होती है, जिससे मस्तिष्क का विकास होता है। खासकर सैमन और ट्यूना मछली खाना ज्यादा फायदेमंद रहता है। बिना चर्बी वाला बीफ आइरन, विटामिन बी12 और जिंक का अच्छा स्रोत होता है। यह याददास्त बढ़ाने के साथ-साथ मस्तिष्क का भी विकास करता है।
ब्लूबेरी में बड़ी मात्रा में एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं, जो फ्री रेडिकल्स से कोशिकाओं को होने वाले नुकसान से बचाते हैं। साथ ही यह फल शरीर की कोशिकाओं और उम्र के बीच संतुलन भी बनाता है। ये फल हृदय रोग और मानसिक रोग के खतरे को कम करने में अहम भूमिका निभाता है। टमाटर लाइकोपेन से भरपूर होता है। ये न सिर्फ शरीर की कोशिकाओं को नुकसान पहुंचाने से बचाता है, बल्कि अल्जाइमर के खतरे को भी कम करता है। ब्रोकली में विटामिन के सहित ढेरों पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो मस्तिष्क की शक्ति बढ़ाने में मददगार होते हैं। अंडे में विटामिन बी12 और कोलाइन प्रचूर मात्रा में पाए जाते हैं। यह मस्तिष्क की कोशिकाओं का निर्माण करता है, जिससे याददास्त बढ़ती है।