झुकेगा नहीं भारत... अमेरिका के वित्त मंत्री ने कबूला सच, जानिए फिर कैसे बनेगी बात?
अमेरिकी वित्त मंत्री स्काट बेसेंट ने कहा कि अमेरिका के साथ व्यापार वार्ता में भारत थोड़ा अड़ियल रुख अपना रहा है। उन्होंने कहा कि स्विटजरलैंड के साथ भी वार्ता चल रही है। अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जेमीसन ग्रीर और वकीलों की टीमें इस पर काम कर रही हैं। भारत और अमेरिका के बीच व्यापार वार्ता जारी है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिका ने मान लिया है कि भारत व्यापार वार्ता में झुकेगा नहीं, क्योंकि उसका रुख थोड़ा सख्त है। यह बात खुद अमेरिकी वित्त मंत्री स्काट बेसेंट ने मानी है।
उन्होंने कहा कि अमेरिका के साथ व्यापार वार्ताओं में भारत थोड़ा अड़ियल रहा है। बेसेंट ने मंगलवार को फॉक्स बिजनेस पर एक प्रश्न पर यह बात कही। उनसे यह पूछा गया कि क्या सभी टैरिफ और व्यापार समझौतों को अक्टूबर तक पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि हम ऐसा चाहते हैं।
'अड़ियल रवैया अपना रहा भारत'
उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि हम अच्छी स्थिति में हैं। बड़े व्यापार समझौते जो अभी तक पूरे नहीं हुए हैं या जिन पर सहमति नहीं बनी है.. स्विटजरलैंड के साथ वार्ता चल रही है और भारत थोड़ा अड़ियल रुख अपना रहा है।'
उन्होंने बताया कि अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जेमीसन ग्रीर और वकीलों की टीमें इस पर काम कर रही हैं। बेसेंट ने कहा, 'मुझे लगता है कि हम महत्वपूर्ण देशों के साथ अहम शर्तों पर सहमत होंगे। जैसा कि मैं लंबे समय से कह रहा हूं कि राष्ट्रपति (डोनाल्ड ट्रंप) शांति, व्यापार और कर समझौतों पर काम कर रहे हैं।'
भारत और अमेरिका के बीच व्यापार वार्ता जारी है। दोनों देशों ने अक्टूबर-नवंबर तक समझौते के पहले चरण को पूरा करने का लक्ष्य रखा है। ट्रंप ने भारत पर कुल 50 प्रतिशत टैरिफ लगाने की घोषणा की है। इसमें से 25 प्रतिशत टैरिफ रूस से तेल खरीद पर लागू होगा, जो 27 अगस्त से प्रभावी होगा। टैरिफ पर भारत के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि भारत को निशाना बनाना अन्यायपूर्ण और अनुचित है।
भारत-पाकिस्तान से हमारे संबंध अच्छे: अमेरिका
अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने कहा कि अमेरिका के भारत और पाकिस्तान दोनों के साथ संबंध अच्छे हैं। मंत्रालय की प्रवक्ता टैमी ब्रूस ने मंगलवार को पत्रकारों से वार्ता में कहा कि अमेरिका का दोनों देशों के साथ मिलकर काम करना क्षेत्र और विश्व के लिए अच्छी बात है। इससे लाभकारी भविष्य को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा, 'दोनों देशों के साथ हमारे संबंध जैसे पहले थे, वैसे ही बने हुए हैं, जो अच्छी बात है और यही एक ऐसे राष्ट्रपति होने का लाभ है, जो सबको जानते हैं, सबसे बात करते हैं।' उन्होंने पाकिस्तानी सेना प्रमुख आसिम मुनीर की ट्रंप के साथ बैठक के बाद हथियारों की बिक्री के मामले में पाकिस्तान के लिए अमेरिकी सहायता में बढ़ोतरी की संभावना के बारे में पूछे गए प्रश्न पर यह बात कही। उनसे यह भी पूछा गया था कि क्या यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ ट्रंप के संबंधों की कीमत पर हो रहा है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।