'इतनी अच्छी इंग्लिश कहां से सीखी...' ट्रंप के बयान के बाद लाइबेरिया में विवाद; अमेरिकी राष्ट्रपति पर अपमान का लगा आरोप
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में पश्चिम अफ्रीकी देशों के नेताओं से मुलाकात की। बैठक में अमेरिकी विदेश नीति और व्यापार पर चर्चा हुई। इस दौरान ट्रंप ने लाइबेरिया के राष्ट्रपति जोसेफ बोकाई की अंग्रेजी बोलने की स्किल की तारीफ की जिससे लाइबेरिया में विवाद पैदा हो गया।

एपी, वाशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को व्हाइट हाउस में पांच पश्चिम अफ्रीकी देशों के नेताओं के साथ मुलाकात की। इस बैठक का मुख्य एजेंडा अमेरिकी विदेश नीति और व्यापार था। लेकिन ट्रंप की एक टिप्पणी ने पश्चिम अफ्रीकी देश लाइबेरिया में विवाद छेड़ दिया है।
दरअसल बैठक के दौरान ट्रंप ने लाइबेरिया के राष्ट्रपति जोसेफ बोकाई के अंग्रेजी बोलने की स्किल की तारीफ की। ट्रंप ने कहा, 'वाह, कितनी अच्छी अंग्रेजी। आपने इतनी खूबसूरती से बोलना कहां से सीखा? आपकी शिक्षा कहां हुई? लाइबेरिया में?'
लाइबेरिया के विपक्ष ने बताया अनादर
ट्रंप के इस बयान से लाइबेरिया में नाराजगी और कंफ्यूजन दोनों देखा जा रहा है। दरअसल कई लोग दावा कर रहे हैं कि ट्रंप ने ऐसा कहकर राष्ट्रपति जोसेफ बोकाई का मजाक उड़ाया है। वहीं कुछ लोगों का मानना है कि ट्रंप की शैली को देखकर ऐसा नहीं लगता कि वह मजाक उड़ा रहे होंगे। उनका मानना है कि ये बात वाकई तारीफ में कही गई है।
लाइबेरिया के विपक्षी खेमे कांग्रेस फॉर डेमोक्रेटिक चेंज-काउंसिल ऑफ पैट्रियट्स के अध्यक्ष फोडे मासाकियो ने कहा कि ट्रंप ने खुद को श्रेष्ठ दिखाने की कोशिश की और हमारे नेता का अनादर किया। हालांकि बोकाई के कार्यालय ने बैठक में हुई चर्चाओं पर ध्यान केंद्रित करने की नसीहत दी। एक स्थानीय नागरिक ने कहा कि बोकाई अंग्रेजी बोलने की प्रतियोगिता के लिए अमेरिका नहीं गए थे।
लाइबेरिया के अमेरिका से गहरे संबंध
- बता दें कि पश्चिमी अफ्रीकी देशों खासकर लाइबेरिया और अमेरिका के सदियों से गहरे संबंध रहे हैं। 1800 के दशक से ही पश्चिमी अफ्रीकी देशों की आधिकारिक भाषा इंग्लिश रही है। अमेरिका से गुलामों को मुक्त कराने के बाद एक महाद्वीप के जिस हिस्से पर लाया गया, वह जगह ही आज लाइबेरिया कही जाती है।
- अमेरिका से 1961 से यूएसएआईडी सहायता प्राप्त करने वाले पहले देशों में लाइबेरिया भी शामिल था। लाइबेरिया ने हमेशा अमेरिका को बड़े भाई के तौर पर मान्यता दी है। लाइबेरिया में सड़कों पर साइन बोर्ड, टैक्सी और स्कूल बसें तक न्यूयॉर्क के तौर पर बनाई गई हैं। सहायता बंद होने से पहले तक लाइबेरिया की ग्रॉस नेशनल इनकम का 2.6 फीसदी अमेरिका से आता था।
यह भी पढ़ें: अब ब्राजील पर गिरा ट्रंप का टैरिफ बम, लगाया 50% शुल्क; राष्ट्रपति सिल्वा बोले- जल्द करेंगे पलटवार
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।