ट्रंप से सुरक्षा की गारंटी का वादा सुनकर गदगद हुआ यूक्रेन, जल्द हो सकती है पुतिन-जेलेंस्की की मुलाकात
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के बीच व्हाइट हाउस में वार्ता हुई। ट्रंप ने यूक्रेन को सुरक्षा गारंटी का आश्वासन दिया जिससे युद्ध समाप्त होने की उम्मीद है। जेलेंस्की ने इसे यूरोप के सबसे घातक युद्ध को समाप्त करने की दिशा में बड़ा कदम बताया। सुरक्षा गारंटी पर काम शुरू हो गया है और रूस के सहयोग पर ध्यान केंद्रित है।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिका के राष्ट्रपति भवन व्हाइट हाउस में सोमवार को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के बीच वार्ता हुई। यूक्रेन के समर्थन में कई यूरोपीय नेता भी पहुंचे। यूक्रेन और उसके यूरोपीय सहयोगी कीव के लिए सुरक्षा गारंटी का ट्रंप से वादा सुनकर उत्साहित हैं। यह साढ़े तीन वर्ष से जारी यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने में मदद कर सकता है।
ट्रंप के वादे के बाद अब पूरा फोकस सुरक्षा गारंटी पर है। हालांकि अब भी कई प्रश्न अनुत्तरित हैं। जैसे इस मुद्दे पर रूस का कैसा सहयोग रहेगा। जेलेंस्की ने ट्रंप के साथ वार्ता को 80 वर्षों में यूरोप के सबसे घातक युद्ध को समाप्त कराने की दिशा में एक बड़ा कदम बताया और कहा कि आने वाले हफ्तों में रूस के व्लादिमीर पुतिन और अमेरिकी राष्ट्रपति के साथ त्रिपक्षीय बैठक की राह प्रशस्त होगी।
उन्होंने मंगलवार को बताया कि उनके अधिकारियों ने सुरक्षा गारंटी पर काम शुरू कर दिया है। इसे 10 दिनों में पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने इस बात की भी पुष्टि की कि यूक्रेन के लिए यूरोपीय फंडिंग के जरिये अमेरिका से 90 अरब डालर के हथियार खरीदने की योजना है।
यूक्रेन के लिए सुरक्षा गारंटी में अमेरिका मदद करेगा
इससे पहले ट्रंप के साथ वार्ता में जेलेंस्की ने यूक्रेन में शांति की इच्छा जताई और इसके लिए पुतिन से सीधे वार्ता को जरूरी बताया। जबकि ट्रंप ने कहा कि युद्ध खत्म करने के लिए होने वाले किसी भी समझौते में यूक्रेन के लिए सुरक्षा गारंटी में अमेरिका मदद करेगा।
पुतिन भी युद्ध नहीं चाहते हैं, इसलिए यूक्रेन में युद्ध खत्म होने की बेहतर संभावना है। सब ठीक रहा तो त्रिपक्षीय (पुतिन-ट्रंप-जेलेंस्की) वार्ता होगी। उन्होंने कहा कि पुतिन और जेलेंस्की के बीच आमने-सामने की बैठक की तैयारी शुरू कर दी गई है। जबकि जर्मन चांसलर ने ट्रंप को इस बात का श्रेय दिया कि उन्होंने रूसी राष्ट्रपति को अपने यूक्रेनी समकक्ष के साथ बैठक के लिए राजी किया। यह मुलाकात अगले दो हफ्ते में हो सकती है।
यूरोपीय नेता भी पहुंचे व्हाइट हाउस
ट्रंप और जेलेंस्की की वार्ता से पहले फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर, इटली की प्रधानमंत्री जार्जिया मेलोनी, फिनलैंड के राष्ट्रपति एलेक्जेंडर स्टब, यूरोपीय संघ की प्रमुख उर्सला वान डेर लिएन और नाटो के महासचिव मार्क रुट भी व्हाइट हाउस पहुंच गए थे।
ट्रंप ने इन नेताओं को यूरोप के प्रस्ताव के अनुरूप यूक्रेन को सुरक्षा गारंटी देने का आश्वासन दिया। हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया है कि अमेरिकी सुरक्षा गारंटी किस रूप में हो सकती है। अमेरिकी राष्ट्रपति यूक्रेन से यह भी कह चुके हैं कि वह नाटो की सदस्यता और क्रीमिया के वापस मिलने की उम्मीदें छोड़ दे।
ट्रंप ने पुतिन से फोन पर की बात
व्हाइट हाउस के ओवल आफिस में जेलेंस्की के साथ वार्ता के बाद ट्रंप ने पुतिन से फोन पर बात की और मास्को व कीव के बीच सीधी वार्ता जारी रखने को लेकर प्रतिबद्धता जताई गई। रूसी राष्ट्रपति भवन क्रेमलिन ने बताया कि दोनों नेताओं के बीच करीब 40 मिनट बातचीत हुई।
ट्रंप ने पुतिन को जेलेंस्की और यूरोपीय नेताओं के साथ बातचीत के बारे में जानकारी दी। जबकि रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने मंगलवार को कहा, 'मास्को ने यूक्रेन में शांति प्रक्रिया पर चर्चा के लिए किसी भी प्रारूप को अस्वीकार नहीं किया है, लेकिन राष्ट्रीय नेताओं के बीच किसी भी बैठक की तैयारी बेहद सावधानी के साथ होनी चाहिए।' बीते शुक्रवार को अलास्का में ट्रंप और पुतिन के बीच वार्ता हुई थी। इसके बाद सोमवार को जेलेंस्की और यूरोपीय नेता व्हाइट हाउस पहुंचे थे।
यूक्रेनी शहर पर रूस ने की बमबारी
वाशिंगटन में ट्रंप और जेलेंस्की की वार्ता के कुछ घंटे बाद बीती रात रूस ने मध्य यूक्रेन के क्रेमेनचुक शहर पर बमबारी की। यूक्रेन में कई अन्य स्थानों पर भी हमले किए गए। क्रेमेनचुक के मेयर ने कहा कि रूसी राष्ट्रपति शांति नहीं चाहते हैं। यूक्रेनी वायुसेना के अनुसार, मास्को ने 270 ड्रोन और 10 मिसाइलों से हमला किया। उसने 230 ड्रोन को मार गिराया। 16 स्थानों को निशाना बनाया गया।
(समाचार एजेंसी रॉयटर के इनपुट के साथ)
यह भी पढ़ें- 'मैं जेलेंस्की से जरूर मिलूंगा', युद्ध के बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति से मिलने के लिए पुतिन हुए तैयार
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।