Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    US Election Results: अमेरिका की पहली महिला राष्ट्रपति बनने से चूकीं कमला हैरिस, लेकिन कम नहीं उनकी उपलब्धियां

    By Agency Edited By: Jeet Kumar
    Updated: Thu, 07 Nov 2024 07:00 AM (IST)

    हैरिस अमेरिकी राजनीति में शीर्ष मुकाम हासिल करने में असफल रहीं और राष्ट्रपति चुनाव की दौड़ में अपने रिपब्लिकन प्रतिद्वंद्वी डोनाल्ड ट्रंप से हार गईं। हैरिस के नाम कई अन्य पहली उपलब्धियां भी दर्ज हैं। वह सैन फ्रांसिस्को की डिस्ट्रिक्ट अटार्नी रह चुकी हैं। वह इस पद पर चुनी जाने वाली पहली महिला पहली अफ्रीकी-अमेरिकी और पहली भारतीय मूल की शख्स थीं।

    Hero Image
    अमेरिका की पहली महिला राष्ट्रपति बनने से चूकीं कमला हैरिस

     पीटीआई, वाशिंगटन। एक दशक से भी ज्यादा समय पहले एक पत्रकार ने कमला हैरिस को 'महिला ओबामा' कहा था। हालांकि, भारतीय और जमैका के प्रवासी दंपती की बेटी कमला हैरिस पहले अफ्रीकी-अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा की उपलब्धियों की बराबरी करने में विफल रहीं। हैरिस अमेरिकी राजनीति में शीर्ष मुकाम हासिल करने में असफल रहीं और राष्ट्रपति चुनाव की दौड़ में अपने रिपब्लिकन प्रतिद्वंद्वी डोनाल्ड ट्रंप से हार गईं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    डेमोक्रेटिक नेता की ट्रंप के हाथों कड़े मुकाबले वाले चुनाव में हार ने अमेरिका की पहली महिला राष्ट्रपति बनने के उनके सपने को भी तोड़ दिया। हालांकि, उनके नामांकन से महिलाओं में उत्साह पैदा हुआ कि सार्वजनिक जीवन में उनके लिए यह द्वार बंद नहीं हुआ है।

    हैरिस के नाम कई अन्य 'पहली' उपलब्धियां भी दर्ज हैं। वह सैन फ्रांसिस्को की डिस्टि्रक्ट अटार्नी रह चुकी हैं। वह इस पद पर चुनी जाने वाली पहली महिला, पहली अफ्रीकी-अमेरिकी और पहली भारतीय मूल की शख्स थीं।

    अमेरिकी उपराष्ट्रपति पद पर पहुंचने वाली पहली महिला

    उपराष्ट्रपति के रूप में वह इस पद पर पहुंचने वाली पहली महिला हैं। साथ ही, वह इस पद पर पहुंचने वाली पहली अफ्रीकी-अमेरिकी या भारतीय-अमेरिकी व्यक्ति भी हैं। राष्ट्रपति चुनाव से तीन दिन पहले प्रकाशित एक लेख में हैरिस ने बचपन में की गई अपनी भारत यात्राओं को याद किया और अपनी दिवंगत मां श्यामला गोपालन को याद किया, जो एक कैंसर शोधकर्ता और नागरिक अधिकार कार्यकर्ता थीं।

    हैरिस ने ऑनलाइन दक्षिण एशियाई प्रकाशन द जगरनाट के लिए लिखे लेख में कहा-बड़ी होने के दौरान मेरी मां ने मुझे और मेरी बहन को हमारी विरासत का सम्मान करना सिखाया। लगभग हर दूसरे साल हम दिवाली पर भारत जाते थे। हम अपने दादा-दादी, चाचाओं और अपनी चाचियों के साथ समय बिताते थे।

    कमला हैरिस की तुलना देश के पहले अश्वेत राष्ट्रपति बराक ओबामा से की जाती है। उन्हें ओबामा का करीबी माना जाता है, जिन्होंने विभिन्न चुनावों में उनका समर्थन किया था। इनमें 2016 में अमेरिकी सीनेट, 2020 में उपराष्ट्रपति और 2024 में राष्ट्रपति चुनाव शामिल हैं।

    अश्वेत पिता और भारतीय मां की संतान

    कमला हैरिस प्रवासी माता-पिता की संतान हैं-अश्वेत पिता और भारतीय मां। उनके पिता डोनाल्ड हैरिस जमैका से हैं और उनकी मां श्यामला गोपालन 1958 में चेन्नई से अमेरिका आ गईं। हालांकि, वह खुद को अमेरिकी के रूप में परिभाषित करती हैं। हैरिस का जन्म आकलैंड में हुआ और वह बर्कले में पली-बढ़ीं। उन्होंने अपने हाई स्कूल के साल फ्रेंच भाषी कनाडा में बिताए जबकि उनकी मां मांट्रियल में मैकगिल यूनिवर्सिटी में पढ़ाती थीं।

    अपने माता-पिता के तलाक के बाद हैरिस का पालन-पोषण मुख्य रूप से उनकी मां ने किया। वह कहती हैं कि उनकी मां ने अश्वेत संस्कृति को अपनाया और अपनी दो बेटियों-कमला और उनकी छोटी बहन माया को इसमें शामिल किया। उन्होंने अमेरिका में कॉलेज की पढ़ाई की और हावर्ड विश्वविद्यालय, वाशिंगटन में चार साल बिताए।

    अटार्नी कार्यालय में अपना करियर शुरू किया

    उन्होंने कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय, हेस्िंटग्स से कानून की डिग्री हासिल की और अल्मेडा काउंटी डिस्टि्रक्ट अटार्नी कार्यालय में अपना करियर शुरू किया। हैरिस पिछले 10 सालों से वकील डगलस एमहाफ से विवाहित हैं। वह दो बच्चों-एला और कोल की सौतेली मां हैं, जो उनके प्यार और शुद्ध आनंद का अंतहीन स्त्रोत हैं।