विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 06, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

प्रतिशत नहीं बताएंगे लेकिन टैरिफ बढ़ाएंगे! ट्रंप ने फिर दिखाई Tariff की धौंस, बोले- कुछ समय में...

Published: Wed, 06 Aug 2025 08:23 AM (IST)

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस से तेल खरीदने वाले देशों पर टैरिफ बढ़ाने की चेतावनी दी है जिससे भारत ...और पढ़ें

ट्रंप का यह बयान भारत जैसे देशों के लिए सख्त संदेश माना जा रहा है। (फाइल फोटो)
ट्रंप का यह बयान भारत जैसे देशों के लिए सख्त संदेश माना जा रहा है। (फाइल फोटो)

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को रूस से तेल खरीदने वाले देशों पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि वह जल्द ही ऐसे देशों पर टैरिफ बढ़ाने का फैसला करेंगे। उन्होंने साफ किया कि उन्होंने कभी कोई प्रतिशत नहीं बताया, लेकिन अगले कुछ समय में बड़ा कदम उठाया जाएगा।

यह बयान व्हाइट हाउस में 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक पर चर्चा के लिए बुलाई गई प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान आया। ट्रंप ने कहा, "मैंने कोई प्रतिशत नहीं बताया, लेकिन हम इस दिशा में काफी कुछ करेंगे। अगले कुछ समय में देखते हैं क्या होता है। कल रूस के साथ हमारी मुलाकात है, फिर तय करेंगे।"

ट्रंप का यह बयान भारत जैसे देशों के लिए सख्त संदेश माना जा रहा है, जो रूस से तेल खरीद रहा है।

भारत पर टैरिफ की तलवार

ट्रंप ने भारत को लेकर तीखा रुख अपनाया और कहा कि भारत रूस से भारी मात्रा में तेल खरीद रहा है और उसे खुले बाजार में मुनाफे के साथ बेच रहा है।

उन्होंने सोमवार को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा, "भारत न केवल रूस से भारी मात्रा में तेल खरीद रहा है, बल्कि उसे खुले बाजार में बड़े मुनाफे के साथ बेच रहा है। उन्हें यूक्रेन में रूसी युद्ध मशीन से मरने वाले लोगों की कोई परवाह नहीं। इसलिए, मैं भारत पर अमेरिका को दिए जाने वाले टैरिफ को काफी बढ़ाऊंगा। इस पर ध्यान देने के लिए शुक्रिया।"

ट्रंप ने मंगलवार को सीएनबीसी को दिए इंटरव्यू में कहा कि भारत पर मौजूदा 25% टैरिफ को अगले 24 घंटों में "काफी हद तक" बढ़ाया जाएगा। उन्होंने भारत के साथ मुख्य समस्या यह बताई कि भारत की टैरिफ बहुत ज्यादा हैं, हालांकि उन्होंने नया टैरिफ रेट नहीं बताया।

निक्की हेली की ट्रंप को नसीहत

पूर्व अमेरिकी राजदूत निक्की हेली ने ट्रंप के इस रुख पर निशाना साधा और भारत जैसे मजबूत सहयोगी के साथ रिश्ते खराब करने की चेतावनी दी।

हेली ने X पर लिखा, "भारत को रूस से तेल नहीं खरीदना चाहिए, लेकिन चीन, जो अमेरिका का दुश्मन है और रूस व ईरान का सबसे बड़ा तेल खरीदार है, उसे ट्रंप प्रशासन ने 90 दिन की टैरिफ छूट दी है। चीन को छूट मत दो और भारत जैसे मजबूत सहयोगी के साथ रिश्ते मत बिगाड़ो।"

भारत पर सख्त नजर आ रहे हैं ट्रंप

ट्रंप ने भारत को लेकर बार-बार अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि भारत रूस से तेल खरीदकर "युद्ध मशीन को बढ़ावा" दे रहा है, जिससे वह खुश नहीं हैं। ट्रंप ने यह भी जिक्र किया कि भारत के साथ उनकी मुख्य दिक्कत उसके ज्यादा टैरिफ हैं। हालांकि, उन्होंने यह साफ नहीं किया कि नया टैरिफ कितना होगा।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

यह भी पढ़ें: उत्तराखंड में भारी बारिश अभी राहत नहीं, यूपी-बिहार में समेत सात राज्यों में अलर्ट; जानें दिल्ली का मौसम