फोर्ट नॉक्स का निरीक्षण करेंगे एलन मस्क, सोने की सुरक्षा पर उठते सवाल के बीच ट्रंप ने दी जिम्मेदारी
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने फोर्ट नॉक्स का निरीक्षण करने की घोषणा की है जिससे सोने की सुरक्षा पर नए सवाल उठ रहे हैं। ट्रम्प ने कहा कि वह यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि सोना अभी भी सुरक्षित है जबकि ट्रेजरी सचिव स्कॉट बेसेंट ने हर साल होने वाले ऑडिट का हवाला दिया है। फोर्ट नॉक्स में अमेरिकी स्वर्ण भंडार सुरक्षित रखने की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। फोर्ट नॉक्स, अमेरिका का सबसे प्रसिद्ध और सुरक्षित सोने का भंडार है। यह हमेशा से ही रहस्यों और अफवाहों का केंद्र रहा है। अमेरिकी ट्रेजरी का यह भंडार, जो केंटकी राज्य में स्थित है, देश के कीमती सोने का लगभग आधा हिस्सा समेटे हुए है। इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में यह घोषणा की कि एलन मस्क केंटकी स्थित अमेरिकी स्वर्ण भंडार, फोर्ट नॉक्स का निरीक्षण करेंगे, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वहां अब भी सोना मौजूद है।
ट्रंप ने यह टिप्पणी गुरुवार को रिपब्लिकन गवर्नरों को दिए अपने भाषण में की। उनका कहना था, "हम दरवाज़े खोलने जा रहे हैं। हम फोर्ट नॉक्स का निरीक्षण करने जा रहे हैं।"
इस पर ट्रेजरी सचिव स्कॉट बेसेंट ने कहा कि हर साल ऑडिट के दौरान फोर्ट नॉक्स के सोने की जांच की जाती है, और "सारा सोना मौजूद है और उसका हिसाब है।" उनके अनुसार, यह भंडार हमेशा सख्त निगरानी में रहा है, और उसकी सुरक्षा में कोई कमी नहीं आई है।
फोर्ट नॉक्स का ऐतिहासिक महत्व
फोर्ट नॉक्स लुइसविले से लगभग 35 मील दक्षिण में स्थित है। यह 109,000 एकड़ के विशाल क्षेत्र में फैला हुआ है। इसकी स्थापना 1918 में प्रथम विश्व युद्ध के दौरान एक तोपखाना प्रशिक्षण केंद्र के रूप में की गई थी। 1932 में इसे एक स्थायी सैन्य प्रतिष्ठान के रूप में स्थापित किया गया और तब से यह फोर्ट नॉक्स के नाम से जाना जाता है। 1937 में यहां पहला सोने का शिपमेंट आया था, तब से यह स्थान अमेरिकी सरकार का प्रमुख सोना भंडार बन गया।
हालांकि, द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान सेना ने इस स्थान पर आर्मर्ड फोर्स का गठन किया और हजारों सैनिकों को प्रशिक्षण दिया, लेकिन 2005 में सेना ने फोर्ट बेनिंग, जॉर्जिया में आर्मर सेंटर को ट्रांसफर करने फैसला किया है। तब से फोर्ट नॉक्स में मानव संसाधन कमांड सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना की गई। यह हर गर्मी में सेना के सबसे बड़े वार्षिक प्रशिक्षण कार्यक्रम की मेज़बानी भी करता है।
फोर्ट नॉक्स में सोने की सुरक्षा
फोर्ट नॉक्स में वर्तमान में 147.3 मिलियन औंस सोना रखा गया है, जो कि यूएस ट्रेजरी के कुल सोने का लगभग आधा हिस्सा है। इस सोने का बुक वैल्यू 42.22 डॉलर प्रति औंस है। हालांकि नियमित ऑडिट के दौरान सोने की शुद्धता जांचने के लिए बहुत कम मात्रा में सोना निकाला जाता है, इस भंडार से किसी बड़े शिपमेंट के रूप में सोना कभी नहीं निकाला गया है।
फोर्ट नॉक्स की सुरक्षा विश्वभर में प्रसिद्ध है। डिपॉजिटरी की संरचना और सुरक्षा प्रक्रियाओं के बारे में केवल कुछ ही लोगों को जानकारी होती है, और कोई भी व्यक्ति तिजोरी खोलने की पूरी प्रक्रिया को नहीं जानता। इसका निर्माण 1936 में 16,000 क्यूबिक फीट ग्रेनाइट, 4,200 क्यूबिक यार्ड कंक्रीट और 750 टन मजबूत स्टील से किया गया था।
क्या फोर्ट नॉक्स का निरीक्षण किया जा सकता है?
हालांकि फोर्ट नॉक्स के भीतर सोने के भंडार को देख पाना एक दुर्लभ घटना रही है, इतिहास में कुछ विशेष अवसरों पर इसकी अनुमति दी गई है।
- 1974 में, अमेरिकी टकसाल ने पत्रकारों और कांग्रेस के प्रतिनिधियों को तिजोरियों के भीतर जाने की अनुमति दी थी, ताकि अफवाहों के बीच यह पुष्टि की जा सके कि सोना वहां सुरक्षित रूप से रखा हुआ है।
- इसके बाद, 2017 में, ट्रेजरी सचिव स्टीव मनुचिन ने केंटकी के गवर्नर मैट बेविन और कुछ कांग्रेस के प्रतिनिधियों के साथ तिजोरियों का दौरा किया।
अभी हाल ही में, ट्रेजरी सचिव स्कॉट बेसेंट ने कहा कि यदि कोई सीनेटर फोर्ट नॉक्स के स्वर्ण भंडार का निरीक्षण करना चाहता है, तो वे खुशी-खुशी इसके लिए व्यवस्था करेंगे। हालांकि, आम तौर पर जनता के लिए इस स्थान का दौरा करना संभव नहीं है और इसके सुरक्षा उपाय बेहद कड़े हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।