छत से मारी गोली, हाई पावर राइफल बरामद... ट्रंप के करीबी चार्ली किर्क हत्याकांड में FBI ने किए बड़े खुलासे
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के करीबी चार्ली किर्क की यूटा वैली यूनिवर्सिटी में गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना उनके अमेरिकन कम बैक टूर के पहले कार्यक्रम में हुई जहां वे तीन हजार लोगों के बीच थे। स्नाइपर ने दूर की इमारत से गोली चलाई। राष्ट्रपति ट्रंप ने इस घटना के पीछे कट्टर वामपंथियों को जिम्मेदार ठहराया है। किर्क की मौन सभा में भी हंगामा हुआ।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के करीबी और कंजरवेटिव इंफ्लुएंसर चार्ली किर्क की यूटा वैली यूनिवर्सिटी परिसर में बुधवार को उनके 'अमेरिकन कम बैक' टूर के तहत पहले कार्यक्रम में गोली मारकर हत्या कर दी गई। उस समय वह तीन हजार लोगों की बीच मौजूद थे। लोगों ने केवल एक गोली चलने की आवाज सुनी, जो सीधे किर्क के गले में लगी और वो ढेर हो गए।
घटना से जुड़ा वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर बहुप्रसारित हो गया। वीडियो में किर्क को अपना दायां हाथ गले की तरफ ले जाते देखा जा रहा है, जहां से खून निकल रहा था। इसके बाद कुर्सी पर बैठे किर्क गिर पड़ते हैं। हत्या करने वाले स्नाइपर ने गोली चलाने के बाद छत से कूदकर भागने की कोशिश की। एफबीआई ने घोषणा की है कि हत्यारे की हाई-पावर्ड राइफल मिल गई है।
दूर की इमारत से मारी गई किर्क को गोली
राष्ट्रपति ट्रंप ने इस घटना पर बौखलाहट जाहिर करते हुए इसके पीछे कट्टर वामपंथियों को जिम्मेदार ठहराया है। साथ ही किर्क को शहीद भी बताया है। गोली की आवाज और किर्क के गले से खून बहता देख घटनास्थल पर भगदड़ और अफरातफरी मच गई। किर्क को क्यों निशाना बनाया गया, इस बारे में अब तक कुछ सामने नहीं आया है। माना जा रहा है कि इस हत्याकांड में केवल एक ही व्यक्ति ने दूर स्थित इमारत से अंजाम दिया।
पुलिस का कहना है कि उसने गहरे रंग के कपड़े पहन रखे थे। इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं की गई है। राष्ट्रपति ट्रंप ने वीडियो संदेश में हत्या के आरोपित को जल्द से जल्द पकड़ने का संकल्प व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि किर्क सच्चाई और स्वतंत्रता के लिए शहीद हुए हैं।
किर्क की मौन सभा में मचा हंगामा
अमेरिकी प्रतिनिधि सभा ने किर्क के लिए एक मिनट का मौन रखने का प्रयास किया, लेकिन वहां भी हंगामा मच गया। उनके शोक में अमेरिका में रविवार तक राष्ट्रीय ध्वज को आधा झुका रहेगा। बंदूक हिंसा पर सवाल जवाब के दौरान लगी गोली विडंबना ही कही जाएगी कि गोली लगने से कुछ सेकंड पहले किर्क अमेरिका में बंदूक हिंसा से जुड़े एक सवाल का जवाब देने जा रहे थे।
किर्क से पूछे गए थे ये सवाल
घटना से जुड़े एक वीडियो में एक दर्शक ने किर्क से पूछा था कि क्या आप जानते हैं कि अमेरिका में पिछले 10 वर्षों में कितने ट्रांसजेंडर अमेरिकियों ने भीड़ पर गोलीबारी की है। क्या आप बता सकते हैं कि अमेरिका में भीड़ पर गोलीबारी करनेवाले कितने मास शूटर हैं। इस पर किर्क ने पूछा कि क्या आप गिरोह हिंसा को जोड़कर पूछ रहे हैं या इससे अलग। इसके कुछ ही सेकेंड बाद किर्क को गोली लगी।
किर्क अमेरिका की बंदूक संस्कृति के भी समर्थक थे। 2023 में भीड़ पर हुई गोलीबारी के बाद उन्होंने कहा था कि अपने अधिकारों की रक्षा के लिए बंदूक रखना उचित है।
कौन थे ट्रंप समर्थक चार्ली किर्क
किर्क ने एरिजोना से टर्निंग प्वाइंट यूएसए नाम का एक रूढि़वादी युवा संगठन शुरू किया था और ट्रंप के समर्थन युवा मतदाताओं का समर्थन जुटाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। ट्रंप ने इसके लिए किर्क की प्रशंसा भी की थी। किर्क के एक्स पर 53 लाख से ज्यादा फालोअर थे। वह एक लोकप्रिय पॉडकास्ट और रेडियो कार्यक्रम- द चार्ली किर्क शो- भी चलाते थे। इसके अलावा किर्क फॉक्स न्यूज के फाक्स एंड फ्रेंडंस कार्यक्रम में भी नजर आते थे।
भारतीयों को वीजा न देने के थे समर्थक
यूटा में हुई इस घटना के बाद भारतीय प्रवासियों के बारे में उनका हाल का बयान चर्चा में आ गया है, जिसमें उन्होंने कहा था, ''अमेरिका को भारत के लोगों के लिए और वीजा देने की जरूरत नहीं है।'' किर्क ने कहा था कि अमेरिका 'पूरा भर चुका है' और अब देश को अपने लोगों को पहले प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने दो सितंबर को एक्स पर ट्वीट में लिखा था कि अमेरिकी कामगारों को भारत से आए लोगों से सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचा है।
(न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के इनपुट के साथ)
यह भी पढ़ें- 'पूरा अमेरिका भर चुका है', ट्रंप के साथी चार्ली किर्क का भारतीयों पर दिया बयान हुआ वायरल
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।