यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 09, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
China Spy Balloon: जो बाइडन बोले- जासूसी गुब्बारा कांड की वजह से चीन के साथ अमेरिका नहीं करना चाहता संघर्ष
जो बाइडन ने जासूसी गुब्बारा कांड को लेकर अमेरिका और चीन के बीच बढ़ी तनाव को कम करने की कोशिश ...और पढ़ें

वाशिंगटन, एजेंसी। चीन के कथित जासूसी गुब्बारा कांड को लेकर बुधवार को अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा कि अमेरिकी अधिकारियों द्वारा चीनी जासूसी गुब्बारे को मार गिराए जाने को लेकर तनाव के बावजूद अमेरिका चीन के साथ कोई संघर्ष नहीं चाहता। उन्होंने पीबीएस नेटवर्क के साथ एक साक्षात्कार में कहा, 'हम पूरी तरह से चीन के साथ प्रतिस्पर्धा करने जा रहे हैं, लेकिन हम संघर्ष की तलाश में नहीं हैं और अब तक ऐसा ही रहा है।'
गुब्बारे की वजह से दोनों देश आए आमने-सामने
दरअसल, जो बाइडन ने जासूसी गुब्बारा कांड को लेकर अमेरिका और चीन के बीच बढ़ी तनाव को कम करने की कोशिश की है। जो बाइडन से सवाल पूछा गया कि क्या इस घटना के बाद अमेरिका और चीन के रिश्तों में और दरार पैदा हो गई है तो जो बाइडन ने जवाब में न कहा।
चीन का कहना है कि गुब्बारा केवल मौसम अनुसंधान कर रहा था लेकिन पेंटागन ने इसे एक उच्च तकनीक वाला जासूसी ऑपरेशन बताया। बता दें कि गुब्बारा अधिकांश हवाई जहाजों की तुलना में कहीं अधिक ऊंचाई पर तैरता रहा और कम से कम एक संवेदनशील अमेरिकी सैन्य स्थल को सीधे पार कर गया।
अमेरिका चीन के साथ प्रतिस्पर्धा चाहता है, संघर्ष नहीं: बाइडन
इससे पहले जो बाइडन ने कहा था कि हम चीन या किसी और देश से मुकाबला करने के लिए दशकों में सबसे मजबूत स्थिति में हैं। उन्होंने कुछ दिनों पहले यह भी कहा था कि अगर चीन की ओर से अमेरिका की संप्रभुता को खतरा हुआ, तो अमेरिका अपनी रक्षा के लिए काम करेगा। बाइडन ने दोहराया था कि उन्होंने चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग से कहा है कि अमेरिका प्रतिस्पर्धा चाहता है, संघर्ष नहीं।
