अमेरिका ने रूस को हथियार आपूर्ति करने वाले नेटवर्क को किया प्रतिबंधित, कहा- चुकानी होगी बड़ी कीमत
अमेरिक ने रूसी कारोबारी सुलेइमान केरिमोव के पारिवारिक सदस्यों तथा सुलेइमान के नेटवर्क को वित्तीय सुविधा उपलब्ध कराने वाले अन्य लोगों को भी प्रतिबंधित किया है। विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने एक बयान में कहा अमेरिका रूस को हथियार आपूर्ति करने वाली श्रृंखला को बाधित करने का प्रयास जारी रखेगा।

वाशिंगटन, रायटर। अमेरिका ने रूस के हथियारों की आपूर्ति करने वाले एक नेटवर्क को निशाना बनाते हुए उससे जुड़े 14 लोगों व 28 प्रतिष्ठानों को प्रतिबंधित कर दिया। अमेरिका का दावा है कि ये लोग व प्रतिष्ठान उस अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का हिस्सा थे, जो हथियार खरीदकर यूक्रेन पर हमले के लिए रूस को आपूर्ति करता है। वाशिंगटन स्थित रूसी दूतावास ने इस कार्रवाई को ब्लैकमेल करार दिया है। अमेरिकी ट्रेजरी ने रूसी कारोबारी सुलेइमान केरिमोव के पारिवारिक सदस्यों तथा सुलेइमान के नेटवर्क को वित्तीय सुविधा उपलब्ध कराने वाले अन्य लोगों को भी प्रतिबंधित किया है।
अमेरिका ने कई पदाधिकारियों को भी काली सूची में डाला
विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने एक बयान में कहा, 'अमेरिका, रूस को हथियार आपूर्ति करने वाली श्रृंखला को बाधित करने का प्रयास जारी रखेगा। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन व यूक्रेन में क्रूरता बरतने वालों के मददगारों को बड़ी कीमत चुकानी होगी।' अमेरिकी ट्रेजरी ने रूसी माइक्रोइलेक्ट्रानिक्स कंपनी को काली सूची में डाला है, जिसके बारे में आरोप है कि वह मास्को की सेना की अनुसंधान एवं विकास इकाई का हिस्सा है। उसने कंपनी से जुड़े तीन प्रतिष्ठानों व कई पदाधिकारियों को भी काली सूची में डाला है।
इस बीच, मंगलवार को एक वीडियो जारी हुआ है, जिसमें दक्षिणी यूक्रेन के खेरसान प्रांत की डेनिप्रो नदी के किनारे पर रूसी सैनिक शांत दिखाई दे रहे हैं। रूस ने डेनिप्रो नदी के विस्तृत क्षेत्र से अपने बलों की वापसी का एलान किया है। ओलेस्की शहर के एक वीडियो में कहीं भी रूसी सैनिक नहीं दिखाई देते। रूसी सैन्य बलों की वापसी के बाद यूक्रेनी गांवों में परिवारों की वापसी होने लगी है। यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने अमेरिका व चीन द्वारा रूस को युद्ध में परमाणु हथियारों के इस्तेमाल न करने की चेतावनी दिए जाने का स्वागत किया है।
यूरोपीय संघ के विदेश नीति प्रमुख जोसेप बोरेल ने ब्रसेल्स में संवाददाताओं से कहा कि सदस्य देशों को हथियारों की खरीद अथवा यूक्रेन को सैन्य उपकरणों की आपूर्ति के लिए आपस में प्रतिस्पर्धा नहीं करनी चाहिए। उन्होंने कहा, 'हमें साथ मिलकर बेहतर कीमत, बेहतर गुणवत्ता व समय पर ध्यान देना चाहिए।' यूरोपीय संघ ने सदस्य देशों से एकसाथ हथियारों की खरीद की अपील की है, ताकि आपस में प्रतिस्पर्धा न हो।
Video: UNSC में America के प्रस्ताव पर Russia का Veto, India, China वोटिंग से दूर | Russia Ukraine War
रूस व यूक्रेन दोनों कर रहे युद्धबंदियों को प्रताड़ित
यूएन संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार कार्यालय (ओएचसीएचआर) ने कहा कि युद्ध के लगभग नौ महीने बीत चुके हैं और इस दौरान रूस व यूक्रेन दोनों ही युद्धबंदियों को प्रताड़ित करते रहे हैं। संयुक्त राष्ट्र की यूक्रेन स्थित निगरानी टीम ने यह निष्कर्ष दोनों तरफ के 100 से ज्यादा युद्धबंदियों से बातचीत के आधार पर निकाला।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।