पाक में आतंकवाद पर अमेरिका ने अपने नागरिकों को किया सतर्क
पाकिस्तानी सरकार ईश निंदा कानून को सख्ती से लागू कर रही है। इस कानून के चलते धार्मिक अल्पसंख्यकों को निशाना बनाया जा रहा है।
वाशिंगटन, प्रेट्र : चीन के बाद अब अमेरिका ने भी पाकिस्तान को लेकर चेतावनी जारी की है। अमेरिकी विदेश विभाग ने अपने देश के लोगों से पाकिस्तान की गैर जरूरी यात्रा टालने को कहा है। शुक्रवार को चीन सरकार ने पाकिस्तान में कार्यरत अपने नागरिकों को सतर्क किया था कि उनके कार्यस्थलों को आतंकी निशाना बना सकते हैं।
इससे पहले चीन ने पाकिस्तान सरकार से अपने नागरिकों की मौजूदगी वाले स्थानों की सुरक्षा बढ़ाने के लिए कहा था। अमेरिकी एडवाइजरी में कहा गया है कि पाकिस्तान में कट्टरपंथियों का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है। सांप्रदायिक हिंसा हो रही है। सरकारी अधिकारी से लेकर स्वयंसेवी संगठन निशाने पर हैं। पूरे पाकिस्तान में देशी और विदेशी आतंकी गुट अमेरिकी नागरिकों के लिए खतरा बने हुए हैं। आतंकी पहले भी पाकिस्तान में अमेरिकी अधिकारियों को निशाना बना चुके है। वे आगे भी ऐसा कर सकते हैं।
पाकिस्तानी सरकार ईश निंदा कानून को सख्ती से लागू कर रही है। इस कानून के चलते धार्मिक अल्पसंख्यकों को निशाना बनाया जा रहा है। आतंकवादी और अपराधियों का समूह फिरौती के लिए अपहरण की घटनाओं को अंजाम दे रहा है। बलूचिस्तान इलाके में तो बीते छह महीने में कई आतंकी हमले हो चुके हैं। ज्ञात हो कि अमेरिका ने करीब सात महीने पहले भी ऐसी ही चेतावनी जारी की थी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।