Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    रिश्तेदार ले रहे रोजाना 140 महिलाओं की जान, घर में सबसे ज्यादा खतरा; UN की रिपोर्ट में चौंकाने वाले खुलासे

    Updated: Mon, 25 Nov 2024 07:12 PM (IST)

    महिलाओं के लिए सबसे अधिक खतरा घर में है। यह संयुक्त राष्ट्र की एक रिपोर्ट कहती है। महिलाओं के खिलाफ अधिकांश अपराधों को घर पर ही अंजाम दिया जा रहा है। ...और पढ़ें

    Hero Image
    घर में सबसे अधिक महिलाओं के खिलाफ अपराध। ( सांकेतिक फोटो )

    एपी, संयुक्त राष्ट्र। महिलाओं के लिए घर ही सबसे घातक जगह बन गए हैं। संयुक्त राष्ट्र की दो एजेंसियों ने सोमवार को बताया कि पिछले वर्ष प्रतिदिन औसतन 140 महिलाओं व लड़कियों की हत्या उनके घरों में ही अंतरंग साथी (इंटीमेट पार्टनर) या परिवार के सदस्य ने की है। यूएन वूमेन और यूएन ऑफिस ऑफ ड्रग्स एंड क्राइम ने कहा कि वैश्विक स्तर पर 2023 के दौरान लगभग 51,100 महिलाओं और लड़कियों की मौत के लिए उनका अंतरंग साथी या परिवार का सदस्य जिम्मेदार रहा।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    क्यों बढ़ रहे हैं आकड़ें?

    2022 में यह आंकड़ा अनुमानित तौर पर 48,800 था। महिलाओं के विरुद्ध हिंसा उन्मूलन के अंतरराष्ट्रीय दिवस पर जारी इस रिपोर्ट में कहा गया है कि यह वृद्धि हत्याओं में बढ़ोतरी के कारण नहीं, बल्कि मुख्य रूप से विभिन्न देशों से अधिक आंकड़े उपलब्ध होने के कारण है। दोनों एजेंसियों ने इस बात पर जोर दिया कि हर जगह महिलाएं और लड़कियां लिंग आधारित हिंसा के इस चरम रूप से प्रभावित हो रही हैं और कोई भी क्षेत्र इससे अछूता नहीं है।

    अफ्रीका में सबसे अधिक हत्याएं

    घर महिलाओं और लड़कियों के लिए सबसे खतरनाक जगह हैं। रिपोर्ट के अनुसार, अंतरंग साथी और परिवार के सदस्यों द्वारा की गई हत्याओं के सबसे अधिक मामले अफ्रीका में थे, जहां 2023 में लगभग 21,700 महिलाएं पीड़ित थीं। अपनी आबादी के लिहाज से भी पीड़ितों की संख्या में अफीक्रा सबसे आगे रहा, यहां प्रति एक लाख लोगों पर 2.9 पीडि़त थीं।

    एशिया क्षेत्र में आंकड़े काफी कम

    रिपोर्ट में कहा गया है कि पिछले वर्ष अमेरिका में भी यह दर काफी अधिक थी, जहां प्रति एक लाख में 1.6 महिलाएं पीड़ित थीं, जबकि ओशिनिया (प्रशांत महासागर में द्वीपीय देश) में यह दर प्रति एक लाख में 1.5 थी। एशिया में यह दर काफी कम थी, जहां प्रति एक लाख पर 0.8 पीड़ित थीं, जबकि यूरोप में यह दर प्रति एक लाख में 0.6 रही।

    घर-परिवार से बाहर होती हैं पुरुषों की हत्याएं

    रिपोर्ट के अनुसार, यूरोप और अमेरिका में महिलाओं की जानबूझकर हत्या मुख्यत: उनके अंतरंग साथियों द्वारा की जाती है। इसके विपरीत, पुरुषों की हत्या की अधिकांश घटनाएं घर-परिवार से बाहर होती हैं। रिपोर्ट में कहा गया है, 'हालांकि हत्या के शिकार अधिकतर पुरुष और लड़के होते हैं, लेकिन फिर भी निजी स्थानों पर घातक हिंसा से महिलाएं व लड़कियां ही प्रभावित होती हैं।'

    यह भी पढ़ें: बांग्लादेश में ISKCON के चिन्मय कृष्ण दास प्रभु गिरफ्तार, हिंदुओं के पक्ष में निकाली थी रैली

    यह भी पढ़ें: 'कांग्रेस और सपा ने हिंसा को भड़काया, सभी दोषियों पर लगे रासुका'; संभल मामले में VHP की बड़ी मांग