विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 25, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

बांग्लादेश में चिन्मय कृष्ण दास ब्रह्मचारी गिरफ्तार, हिंदुओं के पक्ष में निकाली थी रैली

By Agency Edited By: Sachin Pandey
Published: Mon, 25 Nov 2024 05:14 PM (IST)

बांग्लादेश में हिंदू नेता चिन्मय कृष्ण दास ब्रह्मचारी को गिरफ्तार कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि पुलिस ...और पढ़ें

चिन्मय कृष्ण दास को बांग्लादेश के एक हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया गया है। (File Image)
चिन्मय कृष्ण दास को बांग्लादेश के एक हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया गया है। (File Image)

HighLights

  1. पुलिस ने नहीं बताई है गिरफ्तारी की वजह।
  2. गिरफ्तारी के विरोध में हिंदू समुदाय के लोगों ने किया प्रदर्शन।

पीटीआई, ढाका। बांग्लादेश पुलिस ने सोमवार को ढाका के हजरत शाहजलाल अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के इलाके से हिंदू समूह सम्मिलिता सनातनी जोत के नेता चिन्मय कृष्ण दास ब्रह्मचारी को गिरफ्तार किया।

पुलिस की जासूसी शाखा के प्रवक्ता रेजाउल करीम ने समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा, 'दास को (नियमित पुलिस) के अनुरोध के अनुसार हिरासत में लिया गया। उन्हें अब कानूनी प्रक्रिया के लिए संबंधित पुलिस स्टेशन को सौंप दिया जाएगा।'

इस्कॉन के नेता थे चिन्मय

करीम ने कहा कि दास को हजरत शाहजलाल अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हिरासत में लिया गया था, लेकिन उन्होंने उन आरोपों का विवरण नहीं दिया, जिसके लिए उन्हें गिरफ्तार किया गया था। पीटीआई ने बंगाली अखबार प्रोथोम अलो के हवाले से बताया कि दास इस्कॉन के नेता थे, जिसने हाल ही में उन्हें निष्कासित कर दिया था।

बांग्लादेश में इस्कॉन के नेता टिप्पणी के लिए तुरंत उपलब्ध नहीं थे, लेकिन बांग्लादेश हिंदू बौद्ध ईसाई एकता परिषद ने हिरासत की निंदा करते हुए कहा कि इससे विदेशों में देश की छवि प्रभावित हो सकती है। सनातनी जागरण जोत के मुख्य आयोजक गौरांग दास ब्रह्मचारी के हवाले से एक पोर्टल ने बताया कि दास को ढाका से हवाई मार्ग से चटगांव जाना था।

बांग्लादेश के राष्ट्रीय ध्वज का अपमान करने का आरोप

इससे पहले 30 अक्टूबर को चटगांव के कोतवाली पुलिस स्टेशन में दास समेत 19 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था, जिसमें उन पर चटगांव के न्यू मार्केट इलाके में हिंदू समुदाय की एक रैली के दौरान बांग्लादेश के राष्ट्रीय ध्वज का अपमान करने का आरोप लगाया गया था।

इस बीच, बंदरगाह शहर के चेरागी पहाड़ चौराहे पर हिंदू समुदाय के सैकड़ों लोग सड़कों पर उतर आए और दास की तत्काल रिहाई की मांग की। इसी तरह, राजधानी में हिंदू समुदाय के लोगों ने गिरफ्तारी का विरोध करते हुए देर शाम शाहबाग चौराहे को जाम कर दिया।

ये भी पढ़ें- 'कनाडा में खालिस्तानी आतंकवाद रोको', अमेरिका में भारतवंशियों का बड़ा प्रदर्शन, हिंदुओं को सुरक्षा देने की मांग