West Bengal: बांग्लादेश भाग रहा था अपराधी, पुलिस पर की फायरिंग; मुठभेड़ में मारा गया
West Bengal News पश्चिम बंगाल पुलिस ने एक विचाराधीन कैदी को मुठभेड़ में मार गिराया है। तीन दिन पहले यह कैदी पुलिस की हिरासत से भाग निकला था। पुलिस के मुताबिक आरोपी बांग्लादेश भागने की फिराक में था। जब पुलिस ने उसे घेरा तो आरोपी ने टीम पर फायरिंग कर दी। मजबूरन टीम को भी उस पर जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी।

राज्य ब्यूरो, जागरण, कोलकाता। तीन दिन पहले एक विचाराधीन कैदी पुलिस हिरासत से भाग निकला था। उसने रिवाल्वर छीनकर दो पुलिसकर्मियों को फायरिंग में घायल भी कर दिया था। अब शनिवार तड़के मुठभेड़ में विचाराधीन कैदी सज्जाक मारा गया।
पुलिस का कहना है कि वह बांग्लादेश भागने की फिराक में था। मामला पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के ग्वालपोखर का है। राज्य पुलिस ने दावा किया है कि फरार अपराधी ने पहले गोलियां चलाईं। इसके बाद पुलिस को मजबूरन गोली चलानी पड़ी।
घटना को लेकर राज्य पुलिस के एडीजी (कानून- व्यवस्था) जावेद शमीम ने यहां पुलिस मुख्यालय भवानी भवन में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि सज्जाक बांग्लादेश भागने की फिराक में था। उन्होंने कहा कि पुलिस को इसकी खबर मिलते ही कई टीमें गठित की गई और बांग्लादेश सीमा पर कई स्थानों पर भेजा गया।
पुलिस टीम पर की फायरिंग
एडीजी ने कहा कि सज्जाक साहापुर इलाके की सीमा से भागने की कोशिश कर रहा था। शनिवार सुबह बांग्लादेश भागते समय जब पुलिस ने उसे रुकने को कहा तो पुलिस टीम को देखते ही उसने गोलीबारी शुरू कर दी। आरोपी ने 3-4 राउंड फायरिंग की। एडीजी ने दावा किया कि इसके बाद पुलिस को मजबूर होकर गोली चलानी पड़ी।
तुरंत अस्पताल पहुंचाया, मगर नहीं बची जान
शमीम ने बताया कि पुलिस की गोली लगने से सज्जाद जमीन पर गिर गया। उसे पीठ, गर्दन और पैर में गोली लगी थी। पुलिस ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। संवाददाता सम्मेलन के दौरान एडीजी (दक्षिण बंगाल) सुप्रतिम सरकार भी मौजूद थे। उल्लेखनीय है कि उत्तर दिनाजपुर जिले में तीन दिन पहले हिरासत से भागते समय पुलिसकर्मियों पर गोली चलाने वाला विचाराधीन कैदी शनिवार तड़के मुठभेड़ में मारा गया था।
रिवाल्वर छीनकर पुलिस पर की फायरिंग
एडीजी ने बताया कि बुधवार को आलम और एक अन्य विचाराधीन कैदी ने दो पुलिसकर्मियों से उनके रिवाल्वर छीन लिए थे। इसके बाद फायरिंग करके उन्हें घायल कर दिया था। अधिकारी के अनुसार यह घटना तब हुई जब पुलिसकर्मी कैदियों को इस्लामपुर की एक अदालत से जेल की गाड़ी से केंद्रीय सुधार गृह ले जा रहे थे।
पुलिस एक गोली का जवाब चार से देगी: डीजीपी
इस घटना के बाद उत्तर बंगाल के दौरे पर गए राज्य पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कुमार ने चेतावनी दी थी कि अगर उपद्रवी पुलिस पर एक गोली चलाएंगे तो पुलिस चार गोलियां चलाएगी। डीजीपी की चेतावनी के बाद मुठभेड़ में सज्जाक की मौत स्वाभाविक रूप से पुलिस हलकों में चर्चा का विषय बन गई है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।