Gangasagar Mela 2025: गंगासागर में कल लाखों तीर्थयात्री लगाएंगे पुण्य डुबकी, बनेगा ये शानदार रिकॉर्ड
हिंदुओं की आस्था के प्रतीक गंगासागर मेले में मकर संक्रांति के अवसर पर लाखों तीर्थयात्री मोक्ष प्राप्ति की कामना लिए पुण्य डुबकी लगाएंगे। इस मेले के लिए खास तैयारियां की गई हैं। सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सागर की लहरों पर नौसेना तटरक्षी बल व एनडीआरएफ की टीमें मुस्तैद हैं। तट पर हजारों की संख्या में पुलिसकर्मी व स्वयंसेवी तैनात हैं।

विशाल श्रेष्ठ, जागरण, गंगासागर। हिंदुओं की आस्था के महापर्व मकर संक्रांति पर गंगा व सागर के पावन मिलन स्थल पर लाखों तीर्थयात्री मोक्ष प्राप्ति की कामना लिए पुण्य डुबकी लगाएंगे। गंगासागर मेले के आयोजन का दायित्व प्राप्त बंगाल के खेल मंत्री अरूप बिश्वास ने प्रयागराज में कुंभ मेला चलने के बावजूद यहां रिकार्ड भीड़ होने का दावा किया है।
उन्होंने कहा कि एक जनवरी से 13 जनवरी की शाम पांच बजे तक 55 लाख लोग पुण्य स्नान करके लौट चुके हैं। मकर संक्रांति वाले दिन पुण्य स्नान करने लाखों की संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। मंगलवार व बुधवार को यहां भीड़ का नया रिकार्ड बनेगा।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
पुण्य स्नान के लिए गंगासागर तट पर सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम किए गए हैं। सागर की लहरों पर नौसेना, तटरक्षी बल व एनडीआरएफ की टीमें मुस्तैद हैं। तट पर हजारों की संख्या में पुलिसकर्मी व स्वयंसेवी तैनात हैं। आसमान से ड्रोन से नजर रखी जा रही है। गंगासागर में 1,150 क्लोज सर्किट टीवी कैमरे लगाए गए हैं। गंगासागर के कपिल मुनि मंदिर को दुल्हन की तरह सजाया गया है। मकर संक्रांति पर वहां विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी।
गोदान करने पहुंचे सैकड़ों पंडित
बिहार, मध्य प्रदेश, झारखंड व उत्तर प्रदेश से गोदान कराने सैकड़ों पंडित गंगासागर पहुंच चुके हैं। मान्यता है कि गंगासागर में मकर संक्रांति पर पुण्य स्नान के बाद गोदान करने से मृत्यु के बाद वैतरणी आसानी से पार हो जाती है।
गंगासागर में दो और तीर्थयात्रियों की मौत
गंगासागर में सोमवार को दो और तीर्थयात्रियों की मौत हो गई। दोनों मौतें स्वाभाविक बताई गई हैं। मृतकों के नाम देव (59) व राजेश्वर हैं। देव हरियाणा व राजेश्वर उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे। इससे पहले रविवार को अवधेश तिवारी (59) नामक तीर्थयात्री की मौत हुई थी। वह भी उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे
पुण्य स्नान का समय: पुण्य स्नान का समय 14 जनवरी को प्रात: 6.58 बजे से 15 जनवरी को प्रातः 6:58 बजे तक का है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।