शर्मिष्ठा के खिलाफ FIR करवाने वाले को गिरफ्तार करेगी असम पुलिस, NHRC ने भी दिए इंफ्लुएंसर की सुरक्षा के आदेश
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने बंगाल के मुख्य सचिव और डीजीपी को नोटिस जारी कर शर्मिष्ठा पनौली की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा है जिन्हें पैगंबर मुहम्मद पर आपत्तिजनक पोस्ट के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। शर्मिष्ठा को दुष्कर्म और हत्या की धमकियां मिली हैं। वहीं शर्मिष्ठा के खिलाफ FIR करवाने वाले वजाहत खान कादरी रशीदी को गिरफ्तार करने असम पुलिस कोलकाता आ रही है।

राज्य ब्यूरो, जागरण, कोलकाता। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने बंगाल के मुख्य सचिव मनोज पंत व पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कुमार को नोटिस जारी किया है। नोटिस में पैगंबर मुहम्मद के बारे में आपत्तिजनक पोस्ट करने के आरोप में गिरफ्तार इंटरनेट मीडिया एंफ्लुएंसर व कानून विषय की छात्रा शर्मिष्ठा पनौली की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा गया है।
शर्मिष्ठा इस वक्त कोलकाता की अलीपुर महिला जेल में न्यायिक हिरासत में हैं। शर्मिष्ठा को दुष्कर्म व हत्या की धमकियां मिल चुकी हैं। एनएचआरसी के सदस्य प्रियांक कानूनगो ने कहा- 'हमें लीगल राइट्स आब्जर्वेटरी नामक संगठन से शिकायत मिली है कि शर्मिष्ठा की गिरफ्तारी के समय उचित कानूनी प्रक्रियाओं का पालन नहीं किया गया।
30 मई को गुरुग्राम से हुई थी गिरफ्तारी
उन्होंने कहा कि 'शर्मिष्ठा को धमकियां मिलने की भी जानकारी दी गई है। इसे देखते हुए हमने बंगाल के मुख्य सचिव व पुलिस महानिदेशक व डीजीपी को उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा है।' मालूम हो कि शर्मिष्ठा को कोलकाता पुलिस ने गत 30 मई को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया था।
उनके विरुद्ध वजाहत खान कादरी रशीदी नामक व्यक्ति ने गत 15 मई को कोलकाता के गार्डेनरीच थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इस बीच शर्मिष्ठा के पिता पृथ्वीराज ने बंगाल सरकार व पुलिस के उस दावे को सिरे से नकारा है कि उनकी बेटी गिरफ्तारी से पहले गुरुग्राम से फरार हो गई थी। उन्होंने पुलिस पर शर्मिष्ठा के विरुद्ध दर्ज प्राथमिकी की प्रति नहीं देने का भी आरोप लगाया है।
वजाहत को गिरफ्तार करने रही असम पुलिस
- वजाहत को गिरफ्तार करने असम पुलिस की एक टीम कोलकाता आ रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार एक इंस्पेक्टर के नेतृत्व में तीन पुलिसकर्मियों की टीम इस बाबत बुधवार को गुवाहाटी से रवाना हुई है। कोलकाता पहुंचकर वह वजाहत को हिरासत में लेने की प्रक्रिया शुरू करेगी।
- वजाहत पर मां कामाख्या के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में असम पुलिस की ओर से मामला दर्ज किया गया है। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने वजाहत को कानूनी कार्रवाई के लिए असम लाने में बंगाल सरकार से सहयोग करने को कहा है।
यह भी पढ़ें: शर्मिष्ठा पनौली की बढ़ी मुश्किलें, दिल्ली और गुवाहाटी में भी शिकायतें दर्ज; हाईकोर्ट ने पुलिस से मांगी केस डायरी

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।