विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 05, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

'मैं सभी साजिशों का पर्दाफाश करूंगी', CM ममता बनर्जी ने किसे बता दिया बंगाल का दुश्मन?

Published: Mon, 05 May 2025 07:21 PM (IST)

मुर्शिदाबाद हिंसा का दोष भाजपा पर मढ़ते हुए ममता ने बीएसएफ द्वारा गोली चलाने पर भी सवाल उठाए। दरअसल मुर्शिदाबाद ...और पढ़ें

सीएम ममता बनर्जी बोलीं- मुर्शिदाबाद में हिंसा सुनियोजित तरीके से भड़काई गई। (फाइल फोटो)
सीएम ममता बनर्जी बोलीं- मुर्शिदाबाद में हिंसा सुनियोजित तरीके से भड़काई गई। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. केंद्र पर देश की सीमा की सुरक्षा करने में नाकाम रहने का लगाया आरोप
  2. मुर्शिदाबाद में सुनियोजित तरीके से भड़काई गई हिंसा, बाहर से लोग आए थे

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भाजपा नीत केंद्र सरकार पर सोमवार को सांप्रदायिक नफरत फैलाने और देश की सीमा की सुरक्षा करने में नाकाम रहने का आरोप लगाया।

पिछले महीने हुई हिंसा के बाद पहली बार मुर्शिदाबाद जिले के दौरे पर पहुंचने पर ममता ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ बाहरी लोग और कुछ धार्मिक नेता समुदायों के बीच हिंसा और दुश्मनी भड़काने की कोशिश कर रहे हैं। जो लोग दंगे भड़का रहे हैं, वे बंगाल के दुश्मन हैं।

मैं साबित करूंगी कि क्या हुआ था: ममता बनर्जी 

ममता ने कहा कि मुर्शिदाबाद में हिंसा सुनियोजित तरीके से भड़काई गई। बाहर से लोग यहां आए थे। उन्होंने दावा किया कि मैंने अधिकतर साजिशों का पर्दाफाश कर दिया है, मैं मीडिया के सामने इसका राजफाश करूंगी। साबित करूंगी कि क्या हुआ था और कौन लोग शामिल थे। दुर्भाग्य से कुछ मीडिया संस्थान बेबुनियाद बातें फैलाने में भाजपा के हाथों की कठपुतली बन गए हैं।

मुख्यमंत्री ने केंद्र को अपनी चेतावनी दोहराते हुए कहा कि सांप्रदायिक हिंसा भड़काने के बजाय, हमारी सीमाओं की रक्षा के लिए प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने केंद्र की सत्तारूढ़ पार्टी को उसकी संवैधानिक जिम्मेदारी की भी याद दिलाई। ममता ने कहा कि जब आप कुर्सी पर होते हैं, तो आप लोगों को धार्मिक आधार पर नहीं बांट सकते।

बीएसएफ जवानों ने हालात पर काबू पाने के लिए की थी फायरिंग 

हिंसा का दोष भाजपा पर मढ़ते हुए ममता ने बीएसएफ द्वारा गोली चलाने पर भी सवाल उठाए। दरअसल, मुर्शिदाबाद में हिंसा के बाद हाई कोर्ट के आदेश पर प्रभावित क्षेत्र में तैनात बीएसएफ जवानों ने उपद्रवियों के हमले के बाद उन्हें काबू में करने के लिए हवाई फायरिंग की थी।

सीएम ममता ने एनएचआरसी पर उठाए सवाल

ममता ने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) की भी तीखी आलोचना करते हुए आयोग के सदस्यों के मुर्शिदाबाद के हालिया दौरे के मद्देनजर उसकी प्राथमिकताओं पर सवाल उठाया।

उन्होंने पूछा कि क्या एनएचआरसी के सदस्यों ने भाजपा शासित उत्तर प्रदेश और जातीय हिंसा प्रभावित मणिपुर का दौरा किया था, जहां (मणिपुर) अब राष्ट्रपति शासन है। ममता ने आरोप लगाया कि एनएचआरसी मुर्शिदाबाद का दौरा करने में तत्पर थे। इसलिए मैं कह रही हूं कि यह पूर्व नियोजित था।

दूसरे राज्यों में बंगालियों को पीटने का लगाया आरोप

ममता ने बंगालियों को लेकर कहा कि आप हमारे लोगों को क्यों पीट रहे हैं? मुझे जानकारी मिली है कि ओडिशा, महाराष्ट्र, बिहार और उत्तर प्रदेश में बंगाली बोलने वाले लोगों पर हमला किया जा रहा है।

ममता ने कहा कि आप बंगाली बोलने के कारण हमारे प्रवासी श्रमिकों पर हमले कर रहे हैं, लेकिन हम ऐसा नहीं करेंगे। यही आप और मुझमें अंतर है। हमारे राज्य में दूसरे प्रदेशों के 1.5 करोड़ से अधिक लोग काम कर रहे हैं, जो विभिन्न धर्मों और क्षेत्रों से आते हैं।

उन्होंने कहा कि हम नहीं चाहते कि ऐसी घटनाएं हों या कुछ गलतफहमियां पैदा हों। हम यहां फूट डालो और राज करो की नीति नहीं अपना रहे हैं। हमने ओडिशा, बिहार और राजस्थान की राज्य सरकारों से संपर्क किया है।

राष्ट्रीय मुद्दे पर केंद्र सरकार के साथ खड़ी है तृणमूल : ममता

वहीं, पहलगाम आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान के साथ जारी तनाव को लेकर ममता ने कहा कि हमारी पार्टी तृणमूल कांग्रेस राष्ट्रीय मुद्दे पर केंद्र सरकार के साथ खड़ी है। हम आंतरिक और बाह्रा सुरक्षा से संबंधित मुद्दों पर सरकार के साथ हैं।

यह भी पढ़ें: 'मुर्शिदाबाद जैसी हिंसा रोकने के लिए केंद्र सरकार को...', बंगाल के राज्यपाल ने केंद्र को क्या दिया सुझाव