CWC 2023: 'मोदी सरकार हर चीज में भगवा रंग जोड़ रही है', ममता बनर्जी ने टीम इंडिया की जर्सी के रंग पर उठाए सवाल
बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अब विश्वकप के लिए टीम इंडिया की जर्सी के रंग पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार हर चीज में भगवा रंग जोड़ रही है। ममता ने कहा कि हमें अपने भारतीय खिलाड़ियों पर गर्व है। मुझे विश्वास है कि वे इस बार विश्व विजेता होंगे। इस दौरान उन्होंने पीएम मोदी के नाम पर बने स्टेडियम को लेकर भी निशाना साधा।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। टीम इंडिया की नीली रंग की जर्सी में भगवा रंग के इस्तेमाल पर बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शुक्रवार को सवाल उठाते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का नाम लिए बिना ममता ने कहा कि वे (केंद्र) हर चीज में भगवा रंग जोड़ रहे हैं।
'हमें अपने भारतीय खिलाड़ियों पर गर्व है'
ममता बनर्जी ने कहा कि हमें अपने भारतीय खिलाड़ियों पर गर्व है। मुझे विश्वास है कि वे इस बार विश्व विजेता होंगे, लेकिन उनकी प्रैक्टिस ड्रेस का रंग भगवा कर दिया गया है।
यह भी पढ़ें: Bengal: मेट्रो कार्य के लिए मैदानी क्षेत्र में नहीं काटे जा सकेंगे पेड़, हाई कोर्ट का अंतरिम आदेश बरकरार
कोलकाता में पोस्ता बाजार मर्चेंट्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित जगद्धात्री पूजा के उद्घाटन कार्यक्रम में बोलते हुए ममता ने विश्वकप के इस संस्करण के लिए डिजाइन की गई भारतीय टीम की अभ्यास जर्सी का जिक्र करते हुए कहा कि खिलाड़ियों को अपने नीले रंग के ड्रेस पहनने के लिए संघर्ष करना पड़ा।
'मेट्रो स्टेशनों को भी भगवा रंग में रंग रहे हैं'
भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की विज्ञापन देने की प्रवृत्ति की भी आलोचना करते हुए ममता ने कहा कि आपने देखा होगा कि वे कोलकाता में मेट्रो रेल स्टेशनों को भी भगवा रंग में रंग रहे हैं। ममता ने कहा कि हम सभी काम करते हैं, लेकिन वे (केंद्र) सिर्फ विज्ञापनों के माध्यम से श्रेय लेते हैं। अगर उन्होंने विज्ञापनों के लिए आवंटित धन इस देश के हमारे श्रमिकों को दिया होता, तो आज मनरेगा श्रमिकों को अपने बकाए के लिए आंसू नहीं बहाना पड़ता।
पीएम मोदी के नाम पर बने स्टेडियम को लेकर साधा निशाना
ममता ने गुजरात के अहमदाबाद में पीएम मोदी के नाम पर स्टेडियम के नाम को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि मायावती को छोड़कर, जिन्होंने अपनी मूर्तियां खुद बनवाईं, मैंने कभी किसी को ऐसी चीजें करते हुए सुना या देखा नहीं है, लेकिन मौजूदा केंद्र सरकार ने इसे एक नियमित आदत बना लिया है। यह लंबे समय तक नहीं चल सकता है।
ममता ने कहा कि मुझे कोई आपत्ति नहीं है, अगर आप देश के महापुरुषों के नाम पर या किसी गुजराती नेता के नाम पर कुछ करते हैं, जिसे पूरे देश के नेता के रूप में स्वीकार किया जाता है। आप ऐसे नेता यूपी, बिहार, राजस्थान या दक्षिण भारतीय राज्यों से भी चुन सकते हैं, लेकिन ये क्या बात है? खुद के नाम पर स्टेडियम।
'सरकारें बदलती रहती हैं'
ममता ने कहा कि शोपीस आपको अस्थायी लाभ तो दे सकते हैं, लेकिन स्थायी लाभ नहीं, क्योंकि कुछ भी स्थाई नहीं है। सरकारें बदलती रहती है।
देश बेचने का लगाया आरोप
ममता ने मोदी सरकार पर एक बार फिर सरकारी संपत्तियों व देश को बेचने का आरोप लगाया। ममता ने कहा, मेरे पास जानकारी है कि 70,000 से अधिक उद्योगपति इस देश को छोड़ चुके हैं। ये वे लोग थे, जो इस देश में निवेश कर सकते थे, लेकिन उनका पैसा अब विदेशों में निवेश हो रहा है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।