'उसे सबक मिला गया होगा...', जेल से बाहर आई इंफ्लुएंसर शर्मिष्ठा के पिता ने क्यों कहा ऐसा; बोले- हमें पंसद नहीं आते थे वीडियो
कलकत्ता हाई कोर्ट ने सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर शर्मिष्ठा पनोली को अंतरिम जमानत दे दी है। जेल से बाहर आने के बाद उनके पिता थोड़े भावुक भी नजर आए। हालांकि इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि इससे उसे सबक मिला होगा। उन्होंने यह भी बताया कि परिवार वालों को भी उसके कुछ वीडियो पसंद नहीं आते थे।

राज्य ब्यूरो, जागरण, कोलकाता। कलकत्ता हाई कोर्ट ने सांप्रदायिक टिप्पणियों वाला वीडियो अपलोड करने के आरोप में गिरफ्तार इंटरनेट मीडिया इंफ्लूएंसर शर्मिष्ठा पनोली को गुरुवार को अंतरिम जमानत दे दी। हालांकि, जेल से बाहर आने के बाद शर्मिष्ठा के पिता ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इससे उसे अच्छा सबक मिला होगा।
'हमें भी पसंद नहीं आते थे वीडियो'
शर्मिष्ठा पनोली के पिता ने यह भी स्वीकार किया कि शर्मिष्ठा के परिवार वालों ने भी उसके कुछ सोशल मीडिया पोस्ट को पसंद नहीं किया था। उन्होंने कहा, "वह हमें कुछ वीडियोज दिखाती थी, हमें भी कुछ वीडियो पसंद नहीं आते थे और हम उसे यह बताते भी थे।"
पनोली के पिता ने कहा कि उन्होंने शर्मिष्ठा के कुछ वीडियोज को हटा दिया था और एक वीडियो को हटाने को कहा था, जिसके कारण उसे गिरफ्तार किया गया था। उन्होंने कहा, "यह उसके लिए एक अच्छा सबक रहा होगा।"
क्यों गिरफ्तार हुई थी शर्मिष्ठा?
बता दें, कानून की छात्रा पनोली को पिछले सप्ताह हरियाणा के गुरुग्राम से कोलकाता पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उसके खिलाफ कोलकाता के गार्डन रीच थाने में एक प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
यह प्राथमिकी एक प्रसारित वीडियो के मद्देनजर दर्ज की गई थी, जिसमें उसने आपरेशन सिंदूर पर बालीवुड अभिनेताओं की आलोचना करते हुए विवादास्पद टिप्पणी की थी। इसके अलावा उसने पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ भी एक आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट किया था। हालांकि उसने तुरंत वीडियो को डिलीट कर दिया था और माफी भी मांग ली थी।
कोर्ट के निर्देश
न्यायमूर्ति राजा बसु चौधरी की पीठ ने आदेश दिया कि उसे 10,000 रुपये की जमानत राशि और जमानत मुचलके पर रिहा किया जाए तथा मामले की जांच में सहयोग करने का निर्देश दिया।
हाई कोर्ट ने पुलिस को पनोली को सुरक्षा प्रदान करने का निर्देश दिया, क्योंकि उसने शिकायत की थी कि उसके इंटरनेट मीडिया पोस्ट के बाद उसे धमकियां मिल रही हैं।
वहीं दूसरी ओर शर्मिष्ठा के पिता पृथ्वीराज पनोली ने कहा कि उनकी बेटी एक गौरवशाली हिंदू है और उसे दबाव में गिरफ्तार किया गया।
'चीन को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता', भारत-पाक टकराव के बीच अमेरिका में थरूर का 'ड्रैगन' पर बड़ा बयान
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।