यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 07, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
शाहजहां को कोलकाता से दिल्ली ले जाकर पूछताछ करेगी सीबीआई, अनुब्रत मंडल वाली रणनीति अपनाने की तैयारी
Sandeshkhali Row संदेशखाली का मास्टरमाइंड अब सीबीआई की हिरासत में है। सीबीआई की टीम शाहजहां शेख को पूछताछ के लिए ...और पढ़ें

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। संदेशखाली मामले के मास्टरमाइंड शाहजहां शेख को सीबीआई पूछताछ के लिए दिल्ली कार्यालय ले जाना चाहती है। इसके लिए शाहजहां के खिलाफ जो मामले लंबित हैं, उसके लिए सीबीआई को अदालत से अनुमति लेनी होगी।
सूत्रों के मुताबिक, केंद्रीय जांच एजेंसी इसकी अनुमति के लिए अदालत में यह दलील दे सकती है कि शाहजहां को पूछताछ के लिए राज्य से बाहर ले जाना अपेक्षाकृत सुरक्षित है। साथ ही अगर शाहजहां के खिलाफ दिल्ली में कोई नया मामला दर्ज होता है, तो भी एजेंसी उसे राजधानी ले जाकर पूछताछ कर सकती है। फिलहाल शाहजहां से कोलकाता में पूछताछ की जाएगी। बता दें कि हाईकोर्ट ने संदेशखाली कांड के सीबीआई जांच के आदेश दिए हैं। इसके बाद कोर्ट की सख्ती पर बंगाल सीआईडी ने बुधवार को शाहजहां को सीबीआई के हवाले किया।
अनुब्रत मंडल वाली रणनीति अपनाएगी सीबीआई!
सूत्रों ने कहा कि केंद्रीय एजेंसी वही रणनीति अपनाने की योजना बना रही है, जो तृणमूल कांग्रेस के कद्दावर नेता अनुब्रत मंडल के मामले में अपनाई गई थी। मंडल वर्तमान में बंगाल में मवेशी तस्करी मामले में नई दिल्ली की तिहाड़ जेल में न्यायिक हिरासत में हैं। मंडल के खिलाफ सभी मामले पहले बंगाल के आसनसोल में एक विशेष सीबीआई अदालत से नई दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट में स्थानांतरित किए गए थे। इसके बाद मंडल को आसनसोल के सुधार गृह से नई दिल्ली की तिहाड़ जेल में ट्रांसफर कर दिया गया।
सुशांत भट्टाचार्य पर जांच का प्रभार
सूत्रों ने कहा कि इसी रणनीति को ध्यान में रखते हुए सीबीआई ने शाहजहां के खिलाफ मामलों की जांच का प्रभार अपने उपाधीक्षक सुशांत भट्टाचार्य को दिया है। भट्टाचार्य ने ही स्कूल नौकरी मामले में मंडल के खिलाफ जांच की थी। फिलहाल शाहजहां मध्य कोलकाता में एजेंसी के निजाम पैलेस कार्यालय में सीबीआई की हिरासत में है। गुरुवार को उससे पूछताछ हुई है।
कोर्ट में दो FIR की कॉपी
सीबीआई ने उत्तर 24 परगना जिले के बशीरहाट सब-डिविजनल कोर्ट में शाहजहां शेख के खिलाफ दो एफआईआर की प्रतिलिपि जमा की है। सूत्रों का कहना है कि जिला अदालत में तुरंत एफआईआर की प्रतिलिपि जमा करना यह दर्शाता है कि सीबीआई अधिकारी एक भी दिन बर्बाद किए बिना मामले की जांच में तेजी से काम करना चाहते हैं। सीबीआई ने ईडी और सीएपीएफ अधिकारियों पर हमले के दो मामलों में तीन एफआइआर दर्ज की हैं, जिनमें से दो शाहजहां के खिलाफ हैं। तीसरी एफआइआर बनगांव के एक अन्य टीएमसी ने नेता शंकर आढ्य के खिलाफ है। शंकर पहले से ही राशन वितरण मामले में जेल में हैं।