पुलिसकर्मी ने घोड़ा संचालक को पीटा, घटों ठप रहा घोड़ा, डांडी-कंडी संचालन
पुलिसकर्मी के घोड़ा संचालक की पिटाई करने और अन्य यात्रा अव्यवस्थाओं को लेकर घोड़ा डंडी-कंडी संचालकों ने सुबह जानकी चट्टी में जमकर हंगामा काटा।
बड़कोट, जेएनएन। यमुनोत्री धाम में एक पुलिसकर्मी के घोड़ा संचालक की पिटाई करने और अन्य यात्रा अव्यवस्थाओं को लेकर घोड़ा, डंडी-कंडी संचालकों ने सुबह जानकी चट्टी में जमकर हंगामा काटा। करीब छह घंटे तक घोड़ा-खच्चर, डांडी-कंडी का संचालन भी पूरी तरह से बंद रहा। हंगामे के दौरान एक पीआरडी कर्मी के साथ मारपीट और जिला पंचायत के कार्यालय में तोड़फोड़ के साथ संचालन ठप रखा। इस दौरान यात्रियों को भी खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। रविवार दोपहर करीब साढ़े ग्यारह बजे के करीब पुलिस उपाधीक्षक श्रीधर बड़ोला और थाना प्रभारी निरीक्षक डीएस कोहली के आश्वासन के बाद घोड़ा, डंडी-कंडी संचालक काम पर लौटे।
दरअसल, बीते शनिवार को यमुनोत्री धाम क्षेत्र में जब जाम की स्थिति बनी तो, एक पुलिसकर्मी ने जाम को खुलवाते समय एक घोड़ा संचालक को पीट दिया। जिसेसे घोड़ा, डंडी-कंडी संचालक पुलिस के खिलाफ आक्रोशित हो गए। संचालकों ने कहा कि जब यमुनोत्री और जानकी चट्टी में घोड़ा-खच्चर खड़ा करने के लिए पार्किंग नहीं है तो वे घोड़ा खच्चरों को कहां खड़ा करेंगे। रविवार को सभी घोड़-खच्चर, डांडी-कंडी संचालकों ने सुबह पांच बजे संचालन ठप कर दिया और जानकी चट्टी स्थित जिपं कार्यालय के सामने एकत्रित हुए। जहां उन्होंने पुलिस, जिला पंचायत के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
संचालकों का कहना है कि अगर जानकी चट्टी और यमुनोत्री धाम में पार्किंग की व्यवस्था होती तो पैदल मार्ग पर जाम लगने की स्थिति ही पैदा नहीं होती और उन्हें पुलिस की मार भी नहीं झेलनी पड़ती। संचालकों ने यमुनोत्री यात्रा का पैदल रास्ते को भी बंद किया और पैदल यात्रियों को यमुनोत्री नहीं जाने दिया। गुस्साए संचालकों ने जानकी चट्टी में जिला पंचायत कार्यालय में तोड़फोड़ और आगजनी की। यहीं नहीं संचालकों ने वीडियो बना रहे एक पीआरडी के जवान को भी पीट डाला। मामले को शांत करने के लिए भारी पुलिस फोर्स जानकी चट्टी पहुंचा। स्थिति को संभालने के लिए बडकोट से पुलिस उपाधीक्षक श्रीधर बडोला और थाना निरीक्षक मौके पर पहुंचे। किसी तरह से उन्होंने मामला शांत कराया। तोड़फोड़ के मामले में कुल्ली एजेंसी के पदाधिकारियों ने पुलिस को तहरीर दी और नुकसान के बारे में भी बताया। एजेंसी के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि तोड़फोड़ करने के साथ ही उनके कार्यालय से लाखों की धनराशि भी गायब है। जिस पर पुलिस ने एक दर्जन से अधिक मजदूरों को हिरासत में ले लिया है।
बदहाल है व्यवस्थाएं
यमुनोत्री में जानकी चट्टी से लेकर यमुनोत्री तक यात्रा व्यवस्थाएं बदहाल है। जिसके कारण यात्रियों के अलावा घोड़ा-खच्चर संचालक और डांडी-कंडी संचालकों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कुली एजेंसी के पदाधिकारियों अध्यक्ष राजेंद्र सिंह चौहान, उपाध्यक्ष मनवीर रावत, सचिव जगबीर पवार, प्रताप सिंह तोमर आदि ने कहा कि जिला पंचायत हर साल करोड़ों रुपये की कमाई कर ले जाता है, लेकिन घोड़ा, खच्चर हेतु पार्किंग आदि व्यवस्थाओं के नाम पर कुछ भी नहीं है।
यमुनोत्री यात्रा प्रभारी चंदन सिंह नेगी ने बताया कि जानकी चट्टी और यमुनोत्री में घोड़ा पार्किंग की व्यवस्था को लेकर जगह तलाश की जा रही है। यमुनोत्री में शौचालय की छत को खाली कराने के लिए पत्र लिखा गया है। जिसे मजदूरों के बैठने के लिए इस्तेमाल किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: रोड़ी-पत्थर बिछाकर सड़क का निर्माण करना भूला नगर निगम, परेशानी
यह भी पढ़ें: नगर निगम ने कूड़ा फेंकने और थूकने पर 27 लोगों का किया चालान
यह भी पढ़ें: चारधाम यात्राः 554 स्थानों पर मंडरा रहा है सड़क दुर्घटना का खतरा
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप