Kedarnath Yatra: धाम में लगातार बढ़ती रही भक्तों की भीड़, नया इतिहास रचने की ओर केदारनाथ यात्रा
इस वर्ष केदारनाथ धाम की यात्रा नया इतिहास रच सकती है। वर्षाकाल से पहले ही भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है। यात्राकाल के 133 दिनों में 15 लाख से अधिक तीर्थयात्री दर्शन कर चुके हैं। मंदिर समिति को दर्शन का समय बढ़ाना पड़ा। सितंबर में मौसम खुलने के बाद फिर से तीर्थ यात्रियों की संख्या बढ़ गई है।

रविन्द्र कप्रवान, रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम की यात्रा इस बार नया इतिहास लिख सकती है। वर्षाकाल से पूर्व धाम में जिस तरह भक्तों का हुजूम उमड़ा, उससे लगता है कि इस बार पिछले वर्षों के सभी रिकॉर्ड टूट सकते हैं। यात्राकाल के 133 दिनों में ही 15,03,245 तीर्थयात्री बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं।
जबकि, वर्ष 2023 में 163 और वर्ष 2024 में 170 दिनों में यह आंकड़ा पार हुआ था। अनुमान है कि इस बार यात्रा के नये रिकॉर्ड बन सकते हैं।
इस वर्ष दो मई को धाम के कपाट खोले गए थे। पहले दिन 30 हजार से अधिक तीर्थ यात्रियों ने बाबा के दर्शन किए। इसके बाद जून आखिर तक प्रतिदिन 25 हजार के आसपास तीर्थयात्री केदारनाथ पहुंचते रहे। इसके चलते श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति को मंदिर में दर्शन का समय भी बढ़ाना पड़ा।
वर्षाकाल के चलते जुलाई-अगस्त में तीर्थ यात्रियों की संख्या काफी कम रही, लेकिन सितंबर में मौसम खुलने के बाद एक बार फिर तीर्थ यात्रियों की संख्या बढ़ गई है। धाम के कपाट बंद होने में अभी सवा माह का समय शेष है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।