Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    कर्फ्यू नेपाल में, सुरक्षा और सन्नाटा भारत तक; सुरक्षा एजेंसियों ने गश्त बढ़ाई

    Updated: Wed, 10 Sep 2025 02:22 PM (IST)

    नेपाल में तनाव के बाद भारत-नेपाल सीमा सील कर दी गई है जिससे आवाजाही और व्यापार प्रभावित हुआ है। सुरक्षा बढ़ा दी गई है और गश्त की जा रही है। भारत-नेपाल के रोटी-बेटी के संबंध पर भी असर पड़ा है। दैनिक उपयोग की वस्तुओं की आपूर्ति बाधित होने से व्यापार मंडल को नुकसान हो रहा है। सुरक्षा एजेंसियां स्थिति पर नजर रख रही हैं।

    Hero Image
    नेपाल में तनाव के बाद अंतरराष्ट्रीय सीमा सील, सुरक्षा एजेंसियों ने गश्त बढ़ाई. Jagran

    जासं, बनबसा/टनकपुर (चंपावत)। नेपाल में उपजे ताजा विवाद और देशव्यापी प्रदर्शन के बाद बनबसा में भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा को बंद कर दिया गया है। बुधवार सुबह से दोनों देशों के बीच आवाजाही बंद है। बैराज पुल पर वाहन नहीं चल रहे। पैदल आवाजाही भी ठप है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    सुरक्षा बढ़ा दी गई है। भारतीय सीमा पर सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) व पुलिस टीम संयुक्त रूप से गश्त कर रही है। नेपाल में कर्फ्यू लगाने का असर भारत के सीमावर्ती क्षेत्र पर भी देखा जा रहा है। दोनों तरफ व्यापार प्रभावित हुआ है।

    भारत व नेपाल के बीच रोटी-बेटी का संबंध है। यानी दोनों देशों के नागरिक रोजगार, आर्थिकी से लेकर शादी करने के लिए एक-दूसरे से जुड़े हैं। ऐसे में नेपाल में आए संकट से भारत में रह रही बहु-बेटी भी चिंता में है। भारत के सीमावर्ती नगरों में काम करने वाले नेपाली अपने स्वजन की चिंता में परेशान हैं। हालांकि इंटरनेट मीडिया के माध्यम से स्वजन से हालात की जानकारी ले रहे हैं।

    नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्र के लिए आटा, दाल, चावल, मसाले, नमक जैसे दैनिक उपयोग के सामान के साथ कपड़ा, हार्डवेयर, इलेक्ट्रानिक सामान भारत के बनबसा, टनकपुर आदि बाजार से जाता है। मामूली किराया लेकर साइकिल के माध्यम से भारत से नेपाल के लिए सामान ढोने का काम करने वाली नेपाली महिलाएं बेरोजगार हैं। बनबसा से 18 किमी दूर महेंद्रनगर निवासी करन सिंह पाल ने बताया कि ब्रह्मदेव, महेंद्रनगर क्षेत्र में बुधवार को भी कर्फ्यू रहा।

    लोगों से घरों से बाहर न निकलने की अपील की गई है। हर तरफ सन्नाटा है। पुलिस व सेना गश्त कर रही है। बनबसा व्यापार मंडल अध्यक्ष भरत सिंह भंडारी ने बताया कि नेपाल बंद से बनबसा बाजार को हर दिन 40 लाख तक का नुकसान हो रहा है। नेपाल के गांवों से सब्जी, दूध आदि बनबसा आता था। कर्फ्यू से आवक नहीं हो रही।

    डीआइजी ने सीमांत में डाला डेरा

    चंपावत: एसएसबी ने मंगलवार को भारत आए नेपाली नागरिकों को अपने देश लौटने की हिदायत जारी की। बुधवार तड़के सीमा को बंद कर दिया गया। एसएसबी के डीआइजी अनिल कुमार शर्मा व कमांडेंट मनोहर लाल सीमावर्ती क्षेत्र में बने हुए हैं। स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

    बुधवार को रानीखेत क्षेत्र के आइजी दीपक कुमार ने डीआइजी व कमांडेंट की आनलाइन बैठक लेकर सुरक्षा को लेकर जरूरी निर्देश दिए। चंपावत व ऊधम सिंह नगर जिले में आने वाली एसएसबी की छह कंपनियां पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर दिन-चार पेट्रोलिंग कर रही है। एसपी अजय गणपति ने भी सीमावर्ती क्षेत्र में गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।